Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

बिहार में मतदान के दौरान उड़ी अफवाह, गोपालगंज में छह लोग गिरफ्तार


  1. पटना, बिहार में गोपालगंज और मोकामा की विधानसभा सीटों पर उप चुनाव में मतदाताओं का उत्‍साह देखने को मिल रहा है। सुबह 11 बजे तक मोकामा में करीब 27 प्रतिशत तो गोपालगंज में 22 प्रतिशत मतदान होने की रिपोर्ट है। इस बीच गोपालगंज के राजद उम्‍मीदवार के खिलाफ याचिका पर पटना हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है। इधर, राजद उम्‍मीदवार के बारे में कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी। 

मतदान के पूरे घटनाक्रम पर मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी पार्टी के नेता नजर बनाए हुए हैं। उप मुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव की टीम भी लगातार अपडेट ले रही है। भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल, सुशील मोदी, नित्‍यानंद राय के साथ ही अन्‍य नेता भी पूरी प्रक्रिया की मानिटरिंग कर रहे हैं।

अनंत सिंह की प्रतिष्‍ठा दांव पर 

मोकामा में इस बार अनंत सिंह की प्रतिष्‍ठा दांव पर है। भाजपा की ओर से ललन सिंह की पत्‍नी सोनम देवी इस बार अनंत सिंह की पत्‍नी नीलम देवी का सामना कर रही हैं। भाजपा और राजद दोनों इस सीट पर जीत का दावा कर रहे हैं। इसी तरह गोपालगंज में भाजपा और राजद प्रत्‍याशी के बीच मुकाबले को साधु यादव की पत्‍नी दिलचस्‍प बना रही हैं।

छह लाख से अधिक मतदाता आज डालेंगे वोट

बिहार विधानसभा की दो सीटों, गोपालगंज और मोकामा में उपचुनाव के लिए गुरुवार, तीन नवंबर को वोट डाले जा रहे हैं। इसे लेकर दोनों जगहों पर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। दोनों विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर कुल छह लाख 12 हजार 720 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

  • 01:02 PM, 03 Nov 2022

    फेक खबर चलाने वालों पर होगी प्राथमिकी

    गोपालगंज के सदर एसडीओ प्रदीप कुमार ने कहा कि फेक खबर चलाने वाले वेब पोर्टल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होगी। इस मामले में गोपालगंज के अलग-अलग थाना क्षेत्रो में कार्रवाई हुई है। टेक्निकल सेल की टीम सोशल मीडिया पर पैनी नज़र रख रही है।

  • 12:58 PM, 03 Nov 2022

    गोपालगंज में राजद प्रत्‍याशी के बारे में उड़ाई अफवाह

    गोपालगंज में मतदान के दौरान कुछ लोगों ने राजद उम्‍मीदवार का नामांकन रद किए जाने की अफवाह फैला दी। इसके लिए कुछ बड़े मीडिया पोर्टल के नाम पर फेक न्‍यूज का फर्जी स्‍क्रीनशाट बनाकर वायरल किया गया। इस मामले में गोपालगंज प्रशासन ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कार्रवाई का दायरा बढ़ेगा।

  • 12:51 PM, 03 Nov 2022

    गोपालगंज के दो बूथों पर महिलाओं के हाथ सभी इंतजाम

    गोपालगंज के उपचुनाव में आधी आबादी ने दो बूथों पर मतदान कराने की जिम्मेदारी को संभाला। मतदान केंद्र संख्या 125 तथा 125 पर महिला कर्मी पूरी जिम्मेदारी से मतदान कराते दिखीं। सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में बनाए गए दोनों बूथों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम दिखा।

  • 12:13 PM, 03 Nov 2022

    सोनम देवी मुस्‍कुराते हुए बोलीं- जीत रही भाजपा

    मोकामा के एक मतदान केंद्र पर बीजेपी प्रत्‍याशी सोनम देवी ने कहा कि भाजपा यहां चुनाव बिल्‍कुल आसानी से जीत रही है। उनका मुकाबला अनंत सिंह की पत्‍नी नीलम देवी से है। अनंत सिंह लगातार मोकामा से चुनाव जीतते रहे हैं।

  • 11:52 AM, 03 Nov 2022

    राजद उम्‍मीदवार का नामांकन रद करने की गुहार

    गोपालगंज से राजद के उम्मीदवार मोहन प्रसाद गुप्ता की मुश्‍क‍िल बढ़ती दिख रही है। उनका नामांकन रद करने के लिए पटना हाई कोर्ट में याचिका लगाई गई है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से बुधवार को कोर्ट में दावा किया गया कि यह याचिका सुनवाई के योग्‍य नहीं है। हालांकि कोर्ट ने मामले की सुनवाई गुरुवार को भी जारी रखने का फैसला किया।

  • 11:47 AM, 03 Nov 2022

    विजय चौधरी ने भी सुशील मोदी के दावे को बताया गलत

    बिहार सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी सुशील मोदी के बयान को भ्रामक बताया है। चौधरी ने कहा कि जदयू और राजद के साथ आने से भाजपा के लोग घबराए हुए हैं। इसलिए सुशील मोदी बेबुनियाद बातें कर रहे हैं।

  • 11:21 AM, 03 Nov 2022

    11 बजे तक के मतदान में मोकामा के लोग आगे

    निर्वाचन कार्यालय से जारी सूचना के मुताबिक शुरुआती चार घंटे के मतदान में भी मोकामा के मतदाताओं ने गोपालगंज पर बढ़त बना रखी है। सुबह 11 बजे तक गोपालगंज में 21.76 जबकि मोकामा में 27.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। गोपालगंज विधान सभा उप निर्वाचन में 11 बजे तक 72127 मतदाताओं ने अपने मत का इस्‍तेमाल कर लिया है। पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने मोकामा में अपने मत का इस्‍तेमाल किया।

  • 11:10 AM, 03 Nov 2022

    जमीन पर आने वाली है भाजपा : जदयू बोला

    इधर, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री और जदयू नेता श्रवण कुमार ने कहा कि भाजपा जल्‍दी ही जमीन पर आने वाली है। उन्‍होंने सुशील मोदी के दावों को गलत बताया है। श्रवण कुमार ने कहा कि सुशील मोदी फिलहाल अपनी ही पार्टी में उपेक्षित हैं। इसलिए कुछ भी बयान देते रहते हैं। नीतीश कुमार की ताकत का पता जल्‍दी ही चल जाएगा।

  • 10:55 AM, 03 Nov 2022

    सुशील मोदी ने कहा- जदयू का आधार वोट खिसका

    सुशील मोदी मोदी का कहना है कि नीतीश कुमार का छिपा हुआ संदेश जदयू कार्यकर्ता समझ गए हैं। उपेंद्र कुशवाहा और ललन सिंह के आने-जाने से कुछ नहीं होने वाला है, क्‍योंकि जदयू के कार्यकर्ता इन दोनों से प्रभावित नहीं होते। जदयू के कार्यकर्ता केवल नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह की बात मानते हैं। उन्‍होंने कहा कि राजद के साथ जाने के कारण वैसे भी जदयू का आधार वोट लव कुश खिसक गया है।

  • 10:39 AM, 03 Nov 2022

    दियारा में घुड़सवार बल की तैनाती, गोपालगंज में सांसद ने डाला वोट

    दियारा में घुड़सवार बल की तैनाती, गोपालगंज में सांसद ने डाला वोट

    गोपालगंज में तुरकहां स्थित मतदान केंद्र पर सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन अपनी पत्नी व भाई के साथ वोट देने पहुंचे। गोपालगंज के दियारा इलाके में निगरानी के लिए पुलिस के घुड़सवार दस्‍ते को भी लगाया गया है। मोकामा में भी घुड़सवार बल को तैनात किया गया है। 30 कंपनी केंद्रीय पुलिस बलों की मौजूदगी में चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।

  • 10:21 AM, 03 Nov 2022

    मताधिकार के साथ ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम

    पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि बूथों पर मताधिकार और ईवीएम की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव कार्य में लगाए गए कर्मचारी और पदाधिकारी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य डटे रहेंगे। एसएसपी मानवजीत सिंह ने चुनाव ड्यूटी के दौरान पुलिस पदाधिकारी को सजग रहने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि चुनाव ड्यूटी पर लगाए गए पदाधिकारियों की कार्यशैली निष्पक्ष दिखनी चाहिए। किसी भी हाल में बूथ के भीतर हथियार एवं शस्त्र के साथ प्रवेश वर्जित रहेगा। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। वोटिंग कंपार्टमेंट में मोबाइल लेकर जाना निषिद्ध है।

  • 09:52 AM, 03 Nov 2022

    सुशील मोदी ने कहा- जदयू कार्यकर्ता भाजपा के साथ

    सुशील मोदी ने कहा- जदयू कार्यकर्ता भाजपा के साथ

    इधर, भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने दावा किया है कि जदयू के कार्यकर्ता राजद के साथ गठबंधन से खुश नहीं है। उन्‍होंने कहा कि जदयू के कार्यकर्ता भाजपा की मदद कर रहे हैं। इसके लिए खुद मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव प्रचार में नहीं आकर कार्यकर्ताओं को संदेश दे दिया है। उन्‍होंने कहा कि नीतीश कुमार हर गति‍विधि में भाग ले रहे हैं, लेकिन उप चुनाव में प्रचार करने नहीं गए। हालांकि जदयू नेताओं ने सुशील मोदी के इस बयान को बकवास बताया है।

  • 09:28 AM, 03 Nov 2022

    मोकामा में 11 प्रतिशत से अधिक मतदान

    मोकामा में 11 प्रतिशत से अधिक मतदान

    बिहार विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उप चुनाव में मतदान की रफ्तार गोपालगंज की अपेक्षा मोकामा में अधिक है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ था। शुरुआती दो घंटे में गोपालगंज की अपेक्षा मोकामा में करीब दो प्रतिशत अधिक वोट पड़ गए हैं। मोकामा में सुबह 9 बजे तक का मतदान प्रतिशत 11.57 बताया गया है। जबकि गोपालगंज में इस बीच तक 9.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

  • 09:23 AM, 03 Nov 2022

    गोपालगंज में दो घंटे में नौ प्रतिशत मतदान

    गोपालगंज में दो घंटे में नौ प्रतिशत मतदान

    गोपालगंज सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव में सुबह 9 बजे तक 9.37 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी सदर एसडीओ प्रदीप कुमार ने दी है। इस बीच डीएम और एसपी ने सदर प्रखंड परिसर में बने आदर्श मतदान केंद्र सहित अन्‍य बूथों का निरीक्षण किया।

  • 09:09 AM, 03 Nov 2022

    मोकामा के बूथ नंबर 46 पर मतदान कर्मी की मौत

    मोकामा के बूथ नंबर 46 पर मतदान कर्मी की मौत

    मोकामा में मतदान शुरू होने से पहले ही एक चुनाव कर्मी की मौत हो गई। संजय कुमार धनरुआ थाने के बडकी धमौल गांव के रहने वाले थे। वह लोक स्‍वास्‍थ्‍य अभियंत्रण विभाग के अंतर्गत पटना के राजा बाजार बंसी नगर में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी थे। मोकामा विधानसभा क्षेत्र के मानिकपुर बूथ नंबर 46 पर इनकी ड्यूटी थी। उनका निधन हृदयाघात से होने की बात बताई जा रही है। उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

  • 08:50 AM, 03 Nov 2022

    मोकामा सीट का हर बूथ प्रशासन के लिए चुनौती

    बिहार विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उप चुनाव में मोकामा की सीट काफी संवेदनशील है। यह इलाका आपराधिक गिरोहों के कारण बदनाम है। यही कारण है कि प्रशासन ने मोकामा के 289 बूथों में 262 अतिसंवेदनशील और मात्र 27 बूथों को सामान्य माना है। तैयारियां इसी लिहाज से हैं। केंद्रीय सुरक्षा बल की 14 कंपनियां समेत दो यूनिट अश्वारोही दल करेंगे निगरानी, कुल मतदाता 2,79,852, पुरुष 15 हजार ज्यादा

  • 08:40 AM, 03 Nov 2022

    मतदान के लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेज मान्‍य

    मतदान के लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेज मान्‍य

    मतदाताओं की पहचान निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (एपिक) को मुख्य दस्तावेज माना जाएगा। यदि किसी के पास वोटर कार्ड नहीं है तो 16 वैकल्पिक दस्तावेज वोट का अधिकार देगा। 1. आधार कार्ड 2. मनरेगा जाब कार्ड 3. बैंक/डाकघरों द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक 4. श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड 5. ड्राईविंग लाइसेंस 6. पैन कार्ड 7. एनपीआर के तहत  आरजीआई द्वारा निर्गत स्मार्ट कार्ड 8. भारतीय पासपोर्ट 9. फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज 10. केंद्र अथवा राज्य लोक उपक्रम द्वारा जारी पहचान पत्र  11. सांसद, विधायकों व पार्षदों को जारी पहचान पत्र 12. यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) मान्य होगा।

  • 08:38 AM, 03 Nov 2022

    सोनम देवी पहले अनंत सिंह से ले चुकी हैं सीधी टक्‍कर

    सोनम देवी पहले अनंत सिंह से ले चुकी हैं सीधी टक्‍कर

    बिहार विधानसभा की मोकामा सीट पर अनंत सिंह की पत्‍नी नीलम देवी राजद की उम्मीदवार हैं। भाजपा ने इस सीट पर ललन सिंह की पत्‍नी सोनम देवी को उम्‍मीदवार बनाया है। दोनों उम्‍मीदवारों के पति इलाके के बाहुबली हैं। इस सीट पर लंबे समय से अनंत सिंह का कब्‍जा रहा है। वह निर्दलीय, जदयू और राजद के उम्‍मीदवार के तौर पर यह सीट जीतते रहे हैं। ललन सिंह और उनकी पत्‍नी सोनम देवी इस सीट पर पहले भी अनं‍त सिंह को टक्‍कर देते रही हैं।

  • 08:34 AM, 03 Nov 2022

    मोकामा में छह, गोपालगंज में नौ प्रत्‍याशी मैदान में

    मोकामा में छह, गोपालगंज में नौ प्रत्‍याशी मैदान में

    मोकामा सीट पर छह और गोपालगंज में नौ कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। मोकामा में दोनों प्रमुख प्रत्‍याशी महिलाएं हैं। गोपालगंज में दो प्रमुख प्रत्‍याशी महिलाएं हैं। इस चुनाव में कुल चार महिला प्रत्‍याशी किस्‍मत आजमा रही हैं।

  • 08:20 AM, 03 Nov 2022

    मोकामा में मतदान कर्मी की हृदयाघात से मौत

    मोकामा विधानसभा के बूथ संख्या 57 पर मतदान के लिए जा रहे एक मतदान कर्मी पी3 के मौत की सूचना मिल रही है। हृदयाघात की वजह से उनकी मृत्यु होने की सूचना है। उनकी मौत बुधवार की देर रात ही हो गई थी।

  • 08:15 AM, 03 Nov 2022

    दोनों सीटों पर पत्‍न‍ियां हैं मैदान में

    गोपालगंज में भाजपा के विधायक और बिहार सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री सुबाष सिंह का असामयिक निधन होने से यह सीट रिक्त हो गई थी। वहीं, मोकामा के तत्‍कालीन विधायक अनंत सिंह को अवैध हथियार रखने के मामले में सजा होने के बाद उनकी विधानसभा सदस्‍यता खत्‍म हो गई थी। मोकामा में अनंत सिंह की पत्‍नी नीलम देवी तो गोपालगंज में सुबाष सिंह की पत्‍नी कुसुम देवी मैदान में हैं।

  • 08:00 AM, 03 Nov 2022

    सेक्टर, जोन व सुपर जोन में बंटा गोपालगंज विस क्षेत्र

    सेक्टर, जोन व सुपर जोन में बंटा गोपालगंज विस क्षेत्र

    जिला प्रशासन ने गोपालगंज को चार सुपर जोन, 20 विशेष जोन, 40 जोन तथा 40 सेक्टर में बांटा है। सभी सेक्टर दंडाधिकारी को जोनल दंडाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतदान प्रक्रिया पर सामान्य प्रेक्षक की पैनी नजर रहेगी। डीएम और एसपी जिला कंट्रोल रूम से चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं।

  • 07:53 AM, 03 Nov 2022

    गोपालगंज में इन प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

    गोपालगंज में इन प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

    101-गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में डटे नौ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। प्रत्याशियों में भाजपा की कुसुम देवी, राजद के मोहन प्रसाद गुप्ता, बसपा की इंदिरा यादव, राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी के प्रमोद कुमार, प्रगतिशील समाज पार्टी के संजय कुमार प्रसाद, जन जनवादी पार्टी के जगमोहन गुप्ता, एआइएमआइएम के प्रत्याशी अब्दुल सलाम, भारतीय बहुजन कांग्रेस के मोतीलाल प्रसाद तथा निर्दलीय विनय कुमार राय शामिल हैं।

  • 07:32 AM, 03 Nov 2022

    गोपालगंज में सवा तीन लाख मतदाता चुनेंगे अपना विधायक

    गोपालगंज में सवा तीन लाख मतदाता चुनेंगे अपना विधायक

    गोपालगंज के मतदान केंद्रों पर 3,31,466 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।  जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डा. नवल किशोर चौधरी तथा एसपी आनंद कुमार ने बताया क‍ि गुरुवार की सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। वैसे मतदान केंद्र जहां शाम के छह बजे भी मतदाता पंक्ति में खड़े मिलेंगे, उन्हें भी मतदान करने का मौका दिया जाएगा।