पटना

बिहार में संपूर्ण लॉकडाउन जरूरी : रामसूरत


पटना (आससे)। बिहार में कोरोना के बिगड़ते हालात के बीच सरकार के अपने भी उसपर हमलावर हो रहे हैं। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने बिहार में संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की मांग की है। भाजपा से आने वाले मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि बिहार में कोरोना के बिगड़ते हालात को महज नाइट कर्फ्यू से नहीं संभाला जा सकता है। उन्होंने बिहार में संपूर्ण लॉकडाउन को जरूरी बताया है।

मंत्री रामसूरत राय ने कहा है कि बिहार में हालात काफी चिंताजनक है। मेरे पास अस्पतालों में भर्ती करवाने और चिकित्सीय मदद दिलवाने के लिए रोजाना 50 फोन आ रहे हैं। मुश्किल यह है कि मांग के अनुरूप व्यवस्थाएं कम पड़ गई हैं। रामसूरत राय ने कहा कि संपूर्ण लॉकडाउन का अधिकार केन्द्र सरकार ने राज्यों को दे दिया है और वक्त आ गया है कि राज्य इसका इस्तेमाल करे। दिल्ली, झारखंड जैसे राज्यों ने लॉकडाउन कर दिया है और हमें भी इस पर निर्णय लेना होगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने 18 अप्रैल को सरकार द्वारा नाइट कर्फ्यू लगाने के ऐलान के महज 4 घंटे बाद ही सरकार के इस फैसले पर सवाल खड़े कर दिए थे। सर्वदलीय बैठक में 62 घंटे के साप्ताहिक लॉकडाउन की मांग करने वाले संजय जायसवाल ने कहा था कि बिहार में नाइट कर्फ्यू से हालात सुधरेंगे नहीं। संजय जायसवाल ने तब सरकार को एक तरह से चेतावनी देते हुए कहा था कि बिहार में अगर साप्ताहिक लॉकडाउन नहीं लगा तो यहां भी महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ जैसी स्थितियां होंगी।

भाजपा से आने वाले रामसूरत राय और संजय जायसवाल, दोनों ने भले ही संपूर्ण लॉकडाउन और आंशिक लॉकडाउन की मांग रखी हो, लेकिन खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लॉकडाउन को अंतिम विकल्प बताया था। 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री ने देशवासियों को संबोधित करते हुए राज्यों को लॉकडाउन को अंतिम रास्ते के तौर लेने की सलाह दी थी।