पटना

बिहार विधान मंडल के मॉनसून सत्र में पांच बैठक, 8 विधेयक पारित


लोगों को टीकाकरण के लिए करें प्रेरित : विजय

पटना (आससे)। विधानसभा के तृतीय सत्र में पांच बैठकें हुई। इस सत्र में आठ विधेयक भी पारित हुए। सत्र में १०३ ध्यानाकर्षण सूचनायें आयीं। विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने बताया कि इस सत्र में लोक जन शक्ति पार्टी के सदस्य राजकुमार सिंह ने जेडीयू विधायक दल में विलय की मान्यता दी गयी। यही नहीं, बिहार पंचायतराज संशोधन अध्यादेश-२०२१, राज्यपाल द्वारा अनुमोदित १३ विधेयक और वित्तीय कार्य २०२१-२२ की पहली व्यय विवरणी भी पेश की गयी। इस बार के सत्र में देश के लोगों के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी बचानेवाले सूबे के ११५ चिकित्सकों व कोरोना योद्धाओं के असामयिक निधन पर गहरा शोक जताया गया।

विधानसभा में २७ जुलाई, २०२१ को सदन में पूर्व घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर दुख जताया गया और कहा गया कि इस तरह की घटना फिर दोबारा नहीं होगी। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया, वहीं नागपंचमी भी धूमधाम से मनायी गयी। इस बार के संक्षिप्त सत्र में विधानसभा से आठ विधेयकों को स्वीकृति मिली।

जिन विधेयकों को स्वीकृति मिली, उनमें बिहार पंचायतराज संशोधन विधेयक, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय विधेयक, खेल विश्वविद्यालय विधेयक, माल एवं सेवा कर संशोधन विधेयक, राजकोषीय उत्तर दायित्व एवं बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक, अभियंत्रण विश्वविद्यालय विधेयक और बिहार विनियोग संख्या-तीन विधेयक, २०२१ प्रमुख थे।

संक्षिप्त सत्र में एक-दो नहीं, ८२२ प्रश्र आये। इनमें १८ अल्पसूचित प्रश्र थे, जिनमें १६ के जवाब मिले। ६०८तारांकित प्रश्र स्वीकृत हुए, जिनमें ५६६ के उत्तर प्रमुख हुए। १५३ प्रश्र अतारांकित प्राप्त हुए, जिनमें ३३ के जवाब मिले। सत्र में १०३ ध्यानाकर्षण सूचनाएं मिली, जिनमें आठ वक्तव्य के लिए स्वीकृत हुए। लिखित जवाब के लिए ८९ सूचनाएं विभागों को भेजी गयी, जबकि नौ अमान्य भी हुए। इस सत्र में १२२ निवेदन मिले, जिनमें १२१ स्वीकृत हुए और एक अस्वीकृत। यही नहीं, ६५ अस्वीकृत हुई।

सत्र के समापन पर विस अध्यक्ष ने कहा कि बिहार विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। जनता ने हम सभी को इस मंदिर का सेवक बनने का मौका दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की पैनी निगाहें हमारे कार्यों का सूक्ष्म विशलेषण और मूल्यांकन करती है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और जन आकांक्षाओं पर खरा उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर का पालन करते हुए लोगों को इससे बचाव के लिए अधिक-से-अधिक टीकाकरण के लिए प्रेरित करना होगा।