पटना

बेगूसराय: मुख्यमंत्री से मिले बिहार के इकलौते लोजपा विधायक, पार्टी को लग सकता है झटका


बेगूसराय (आससे)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को बिहार में एक और तगड़ा झटका कभी भी लग सकता है। लोजपा के इकलौते विधायक राजकुमार सिंह जदयू में शामिल हो सकते हैं। हाल के दिनों में जदयू नेताओं के साथ उनकी घनिष्ठता से राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है। बिहार सरकार के भवन निर्माण और शिक्षा मंत्री डॉ॰ अशोक कुमार चौधारी से मुलाकात करने के बाद गुरुवार को बेगूसराय जिला के मटिहानी के लोजपा विधायक राजकुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लंबी मुलाकात की है।

हालांकि, विधायक राजकुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं डॉ॰ अशोक चौधारी से हुई मुलाकात को राजनीतिक रूप से नहीं देखने की बात करते हुए कहा है कि अशोक चौधारी उनके मित्र हैं और इसी नाते हुए उनसे मिलने गए थे, जबकि मुख्यमंत्री से मिलकर उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को उठाया है।

लेकिन, पटना में हुई इस मुलाकात के बाद बेगूसराय में भी राजनीतिक हलचलें तेज होती दिख रही है। विधायक के प्रतिनिधि पियूष कुमार लाजो ने भी गुरुवार को इसे औपचारिक मुलाकात बताया है। पीयूष कुमार लाजो का कहना है कि राजकुमार सिंह कि अशोक चौधारी से पहले से ही दोस्ती है और उसी के चलते उन्होंने मुलाकात की तथा अपने क्षेत्र को के विभिन्न मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया है। जबकि गुरुवार को उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की समस्या, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर यूनिवर्सिटी की स्थापना, अच्छे अस्पताल की व्यवस्था तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने समेत कई अन्य मूलभूत समस्याओं के के निदान की मांग की है।

लेकिन, राजनीतिक हलकों में चल रही चर्चा की मानें तो राजकुमार सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र मटिहानी के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से कभी भी जदयू में शामिल हो सकते हैं। बताते चलें कि बीते विधानसभा चुनाव में लोजपा का बिहार में एकमात्र खाता बेगूसराय जिले के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में ही खुला है और राजकुमार सिंह कड़ी टक्कर के बाद विधायक बनने में कामयाब हुए। विधायक चुने जाने के बाद वह लगातार क्षेत्र में लोगों से मिलने के साथ-साथ विभिन्न मंच पर अपनी उपस्थिति दे रहे हैं और क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक जोर-शोर से पहुंचा रहे हैं।