Latest News नयी दिल्ली मनोरंजन राष्ट्रीय

बॉलीवुड के कई कलाकारों के गानों को बिरजू महाराज ने किया था कोरियोग्राफ,


नई दिल्ली, । अपनी कथक कला से पूरी दुनिया में नाम कमाने वाले मशहूर कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया है। 83 साल की उम्र में रविवार देर रात उन्होंने आखिरी सांस ली। बिरजू महाराज का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ है था। पंडित बिरजू महाराज लखनऊ घराने से ताल्लुक रखते थे। उनका जन्‍म 4 फरवरी 1938 को लखनऊ में हुआ था। उनका असली नाम पंडित बृजमोहन मिश्र था। वह कथक नर्तक होने के साथ साथ शास्त्रीय गायक भी थे।

उनके कथक डांस की कायल पूरी दुनिया रही थी। पंडित बिरजू महाराज ने हिंदी सिनेमा की कुछ फिल्मों के लिए कोरियोग्राफर के तौर पर काम किया और कई अभिनेत्रियों को अपना डांस सिखाया था। पंडित बिरजू महाराज ने डेढ़ इश्किया, देवदास, और बाजी राव मस्तानी जैसी कामयाब और हिंदी सिनेमा में मील का पत्‍थर मानी जाने वाली फिल्मों के लिए डांस कोरियोग्राफ किया था।

सत्यजीत रे की फिल्म से की थी सिनेमा में शुरुआत

हिंदी सिनेमा में पंडित बिरजू महाराज ने अपने करियर की शुरुआत साल 1977 में आई सत्यजीत रे की फिल्म ‘शतरंज के खिलाड़ी’ से की थी। इस फिल्म में उन्होंने न केवल दो गानों की कोरियोग्राफी की थी बल्कि गानों में अपनी आवाज भी दी थी। फिल्म ‘शतरंज के खिलाड़ी’ में बिरजू महाराज ने गाने ‘काहे मैं तोसे हारी’ और ‘तड़प तड़प सगरी रैन गुजरी’ गानों को कोरियोग्राफ किया था।

माधुरी दीक्षित के गानों को किया कोरियोग्राफ

इन दोनों गानों ने लंबे समय तक कथक प्रेमी और संगीत प्रेमियों के दिलों को जीता था। इसके बाद बिरजू महाराज ने साल 2002 में आई शाह रुख खान, माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय बच्चन की फिल्म देवदास के लिए काम किया। उन्होंने फिल्म के ‘काहे छेड़ मोहे…’ गाने को कोरियोग्राफ किया था। इस गाने को माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था। इस गाने में माधुरी दीक्षित ने बिरजू महाराज के सिखाए डांस को इस कदर किया था कि खुद बिरजू महाराज ने भी अभिनेत्री की तारीफ की थी।

इसके बाद एक बार फिर से माधुरी दीक्षित को बिरजू महाराज के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने अभिनेत्री की साल 2014 में आई फिल्म डेढ़ इश्किया के लिए फिर से कोरियोग्राफर के तौर पर काम किया। इस बार पंडित बिरजू महाराज ने फिल्म के ‘जगावे सारी रैना’ गाने को कोरियोग्राफ किया। इस गाने में भी माधुरी दीक्षित का शानदार डांस देखने को मिला था।

दीपिका पादुकोण और कमल हासन को भी मिला मौका

माधुरी दीक्षित के अलावा पंडित बिरजू महाराज ने अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के साथ भी काम किया था। साल 2015 में आई निर्देशक संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म बाजीराव मस्तानी के गाने ‘मोहे रंग दो लाल’ को बिरजू महाराज ने कोरोग्राफ किया था। इसमें उन्होंने दीपिका पादुकोण को शानदार डांस सिखाया था। पंडित बिरजू महाराज साउथ सिनेमा के सुपरस्टार कमल हासन को भी अपनी डांस सिखा चुके हैं। बिरजू महाराज ने अभिनेता की फिल्म विश्वरूपम के गाने ‘उन्नाव कानाधू नानी’ को कोरियोग्राफ किया था। इस गाने में कमल हासन ने शानदार कथक डांस किया था। साथ ही वह पहले ऐसे अभिनेता बने जिन्होंने पंडित बिरजू महाराज से डांस सिखा था।