News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय राष्ट्रीय

ब्रिटेन के नए सम्राट बने किंग चार्ल्स, कहा- महारानी एलिजाबेथ II की तरह ही करूंगा देश की सेवा


लंदन, क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद किंग चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के नए सम्राट हैं। शनिवार को Accession Council ने ऐतिहासिक समारोह का आयोजन कर इसका आधिकारिक एलान कर दिया। इसे इतिहास में पहली बार टीवी पर दिखाया गया। इसके साथ ही वहां जमा लोगों ने काउंसिल के क्लर्क द्वारा कही गई बात ‘ ईश्वर राजा की रक्षा करे (God save the King)’ को दोहराया। समारोह में  किंग चार्ल्स ने मां को श्रद्धांजलि दी और महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का अनुसरण करने की बात कही।  

गुरुवार को मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद यह ताज शनिवार को आधिकारिक तौर पर 73 वर्षीय पूर्व प्रिंस आफ वेल्स को दिया गया। साथ ही लंदन में संत जेम्स पैलेस में शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर किंग चार्ल्स के साथ उनकी पत्नी क्वीन कंसर्ट कैमिला और उनके बेटे और उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम व नए प्रिंस आफ वाल्स भी मौजूद रहे। किंग शुक्रवार को स्काटलैंड के बाल्मोरल कैसल पहुंचे जहां महारानी ने अंतिम सांसें ली थीं। महारानी के निधन के बाद शोक में पैलेस पर झंडे को झुका दिया गया था और काउंसिल द्वारा नए सम्राट की घोषणा के बाद इसे वापस पूरा लहरा दिया गया। इसके बाद रविवार को इसे वापस आधा झुका दिया जाएगा।

शुक्रवार शाम को किंग चार्ल्स ने अपने पहले टेलीवाइज संबोधन में कहा, ‘महारानी की तरह ही मैं भी पूरी निष्ठा के साथ जिंदगी के बचे समय को देश के संवैधानिक सिद्धांतों को बचाने और बरकरार रखने में लगाउंगा।’ ब्रिटिश किंग की ताजपोशी के बाद चार्ल्स ने कहा, ‘ प्यारी मां आप अपनी अंतिम यात्रा पर निकल चुकीं हैं और प्यारे दिवंगत पिता से मिलेंगी। मैं आपको धन्यवाद कहना चाहता हूं। आपके प्यार के लिए धन्यवाद।’