Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

ब्रिटेन में 189 साल से कब्जे वाली सीट पर मिली हार से दबाव में हैं प्रधानमंत्री जानसन


लंदन, ।  ब्रिटेन के उप चुनाव में 189 साल से कब्जे वाली सीट पर सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी को मिली पराजय से बोरिस जानसन सरकार पर कामकाज को लेकर दबाव बढ़ गया है। हाल के हफ्तों में ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण काफी तेज हुआ है और कंजरवेटिव पार्टी से जुड़े स्कैंडल सामने आए हैं। उप चुनाव में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की हेलेन मार्गन ने कंजरवेटिव पार्टी के प्रत्याशी को करीब 23 हजार मतों से पराजित किया है।

कंजरवेटिव पार्टी के लिए यह पराजय इसलिए पीड़ादायी है क्योंकि नार्थ श्रोपशायर की इस सीट पर पार्टी का 1832 से लगातार कब्जा था। कंजरवेटिव पार्टी के सांसद के भ्रष्टाचार मामले में फंसने के बाद इस्तीफा देने से यह सीट खाली हुई थी। इससे पहले जून में हुए उप चुनाव में भी कंजरवेटिव पार्टी की हार हुई थी। उस उप चुनाव में चेशम सीट पर लिबरल डेमोक्रेट सराह ग्रीन ने जीत दर्ज कराई थी। वह इलाका कंजरवेटिव पार्टी के प्रभाव वाला माना जाता था।