Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

भगवंत मान सरकार का एक और बड़ा फैसला, पंजाब में 29 इंप्रूवमेंट ट्रस्टों के चेयरमैन और 128 ट्रस्टी हटाए


राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। Bhagwant Mann Decision: पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को एक और बड़ा फैसला किया और महत्‍वपूर्ण कदम उठाया। उन्‍होंने राज्‍य की 29 इंप्रूवमेंट ट्रस्‍टों के चेयरमैन और 128 ट्रस्टियों को हटा दिया। इस तरह दो हफ्ते पुरानी आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार ने अपनी हलचल तेज कर दी है। बता दें कि सत्‍ता संभालने के बाद से सीएम भगवंत मान एक के बाद बड़े फैसले कर रहे हैं।  

आम आदमी पार्टी सरकार ने सभी ट्रस्टों का काम डिप्टी कमिश्नरों और उपमंडल अधिकारियों को सौंपा

 

स्थानीय निकाय विभाग इस समय मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास है। विभाग  ने आज एक आदेश जारी करके राज्य के सभी 29 इंप्रूवमेंट ट्रस्टों को भंग करके चेयरमैनों को हटा दिया है। इसके अलावा इन ट्रस्टों में लगे 128 ट्रस्टियों को भी हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं।

सभी ट्रस्टों को चलाने का कार्यभार संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नरों और उपमंडल अधिकारियों को सौंप दिया है। काबिले गौर है कि इंप्रूवमेंट ट्रस्टों में चेयरमैन की नियुक्ति राजनीतिक होती है और इसलिए नई सरकार आते ही ये हटाए ही जाते हैं। सत्ता बदलने के बाद कई नगर निगमों और नगर पालिकाओं में कांग्रेस के पार्षदों का आम आदमी पार्टी में जाने का सिलसिला भी शुरू हो गया था।