Latest अन्तर्राष्ट्रीय

भगवान राम के बाद PM ओली का एक और बड़ा दावा, नेपाल से हुई थी योग की शुरुआत


भगवान राम का जन्मस्थान नेपाल में होने का दावा करने के बाद अब प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली द्वारा योग पर भी दावा ठोका गया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर नेपाल के पीएम ओली ने कहा कि योग की शुरुआत भारत में नहीं नेपाल से हुई थी। योग दिवस पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओली ने कहा कि नेपाल में योग तब से प्रचलित है, जब भारत एक राष्ट्र के तौर पर अस्तित्व में भी नहीं आया था।

नेपाली पीएम ओली ने कहा, ‘एक राष्ट्र के तौर पर भारत के उभार से कहीं पहले योग नेपाल में प्रचलित था। जब योग प्रचलित हुआ, तब भारत का गठन नहीं हुआ था। उस दौर में भारत जैसा कोई देश नहीं था।’ उन्होंने आगे कहा कि उस दौर में भारत जैसा कोई देश नहीं था, तब कुछ राज्य ही थे। इसलिए योग नेपाल या फिर उत्तराखंड के आसपास शुरू हुआ था। यह भारत में शुरू नहीं हुआ था। नेपाली पीएम ने कहा कि योग की खोज करने वाले संतों को इसका क्रेडिट नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि उनका देश योग को पूरी दुनिया में नहीं पहुंचा सका, लेकिन भारत ने इसे अंतरराष्ट्रीय लेवल पर ख्याति दिलाई है। ओली ने कहा, ‘हमने कभी अपने उन संतों को क्रेडिट नहीं दिया, जिन्होंने योग की खोज की थी। हमने हमेशा प्रोफेसर्स और उनके योगदान के बारे में ही बात की। लेकिन हम योग पर सही ढंग से अपना दावा नहीं कर सके।’ हम योग को पूरी दुनिया में नहीं पहुंचा सके। भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव दिया था और उत्तरी गोलार्ध पर सबसे बड़े दिन के मौके पर इसका आयोजन शुरू हुआ। इस तरह से योग को पूरी दुनिया में ख्याति मिल पाई है।

भगवान राम पर किया था यह दावा

बता दें कि यह नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का पहला दावा नहीं है, इससे पहले भी उन्होंने भगवान राम को लेकर कई दावे किए थे। दरअसल, बीते साल जुलाई में उन्होंने दावा किया था कि भगवान राम का जन्म भारत के अयोध्या में नहीं बल्कि नेपाल में ही हुआ था। ओली ने कहा था कि भगवान राम का जन्म नेपाल के चितवन जिले के अयोध्यापुरी इलाके में हुआ था। ओली ने कहा था, ‘अयोध्यापुरी नेपाल में था। बाल्मीकि आश्रम भी नेपाल में ही अयोध्यापुरी के पास ही है।