Latest News नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

भाजपा उम्मीदवार एसआर लद्दड़ पर हमले की केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने की निंदा,


लुधियाना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली के बाद देर रात गिल हलके से भाजपा प्रत्याशी एसआर लद्दड़ पर हमला हुआ और उन्हें देर रात सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी से लेकर भाजपा के तमाम बड़े नेता सिविल अस्पताल पहुंचे और हमलावरों को पकड़ने की मांग पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सोमवार को मीनाक्षी लेखी ने पुलिस अफसरों को दो टूक कह दिया कि चुनाव में हिंसा हो रही है इसे रोकने की जिम्मेदारी सीधे तौर पर उनकी है। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि सत्ताधारी दल समेत तमाम विरोधी दल भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दरेसी मैदान में भाजपा की जनसंवाद रैली के बाद घबराए विरोधी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को धमकाने पर आ गए हैं।

मीनाक्षी लेखी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता व नेता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एसआर लद्दड़ को गिल हलके में अपार समर्थन मिल रहा है जिससे बौखलाए लोगों ने उन पर हमला किया। लेखी ने कहा कि बड़ी गिनती में हमलावर होने के बावजूद एसआर लद्दड़ उनके सामने डटे रहे। लेखी ने पुलिस अधिकारियों को कहा है कि लद्दड़ पर हलमा करने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लेखी ने कहा कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता के साथ अगर इस तरह की हरकत की गई तो पूरी पार्टी कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक उनके साथ  हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि चुनाव आयोग इस घटना पर निश्चित तौर पर सख्त एक्शन लेगा।