News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

हिमाचल में चुनाव का एलान, 12 नवंबर को मतदान; 8 दिसंबर को आएंगे परिणाम, आदर्श आचार संहिता लागू


नई दिल्ली, हिमाचल विधानसभा चुनाव का एलान हो चुका है। राज्य की सभी 68 सीटों पर 12 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा। वहीं, 8 दिसंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। हिमाचल में 17 अक्‍टूबर से चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 25 अक्‍टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 27 अक्‍टूबर को स्‍क्रूटनिंग होगी। 29 अक्‍टूबर तक प्रत्‍याशी नाम वापस ले सकेंगे। वहीं, 80 साल से ऊपर के लोग अपने घर से ही वोटिंग कर सकेंगे। सभी मतदान केंद्रों को ग्राउंड फ्लोर पर ही बनाया जाएगा। नामांकन तक नए मतदान अपना नाम जुड़वा सकेंगे। 

  • 03:58 PM, 14 Oct 2022

    हिमाचल में आदर्श आचार संहिता लागू

    हिमाचल में आदर्श आचार संहिता लागू

    हिमाचल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू (Election Model Code Of Conduct) हो गई है।

  • 03:35 PM, 14 Oct 2022

    12 नवंबर को हिमाचल में होगा विधानसभा चुनाव, 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे

    हिमाचल में विधानसभा चुनाव का ऐलान हो गया है। 12 नवंबर को चुनाव होगा और 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे।

  • 03:30 PM, 14 Oct 2022

    ग्राउंड फ्लोर पर बनाए जाएंगे मतदान केंद्र

    चुनाव आयोग ने कहा कि सभी मतदान केंद्र ग्राउंड फ्लोर पर ही बनाए जाएंगे। सभी लोगों को उनके घर से दो किलोमीटर के अंदर ही पोलिंग स्टेशन देने की कोशिश की गई है।

  • 03:26 PM, 14 Oct 2022

    80 साल के ऊपर के मतदाता घर से ही कर सकेंगे वोटिंग

    चुनाव आयोग ने कहा कि 80 साल के ऊपर के मतदाता घर से ही वोटिंग कर सकते हैं।

  • 03:25 PM, 14 Oct 2022

    प्रत्याशी की आपराधिक पृष्ठभूमि प्रसारित करेगा चुनाव आयोग

    चुनाव आयोग का कहना है कि यदि किसी भी प्रत्याशी की आपराधिक पृष्ठभूमि है तो उसे चुनाव आयोग प्रसारित करेगा, ताकि वोटर के सामने स्थिति साफ रहे।

  • 03:21 PM, 14 Oct 2022

    नामांकन तक जुड़ सकेंगे नए मतदाता- चुनाव आयोग

    चुनाव आयोग ने कहा कि नामांकन तक जुड़ सकेंगे नए मतदाता।

  • 03:21 PM, 14 Oct 2022

    मतदान प्रतिशत को बढ़ाना मेरा लक्ष्य- मुख्य चुनाव आयुक्त

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मतदान प्रतिशत को बढ़ाना मेरा लक्ष्य है। कोरोना प्रोटोकॉल को देखते हुए चुनाव की सारी तैयारियां पूरी की गई हैं।

  • 03:16 PM, 14 Oct 2022

    इस बार कुछ पोलिंग स्टेशन पर 100 फीसद महिला कर्मी होंगी तैनात

    चुनाव आयोग की प्रेस कान्फ्रेंस शुरू हो गई है। आयोग के अनुसार इस बार पोलिंग स्टेशनों में से कुछ में 100 फीसद महिला कर्मी होंगी। इस कदम से आयोग महिला सशक्तिकरण का संदेश देना चाहती है।

  • 03:10 PM, 14 Oct 2022

    चुनाव आयोग की प्रेस कान्फ्रेंस शुरू

    चुनाव आयोग आज गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों के घोषणा कर सकता है। आयोग इसको लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है।

  • 02:52 PM, 14 Oct 2022

    भूपेंद्र पटेल सिंतबर 2021 में बने थे मुख्यमंत्री

    गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले भाजपा ने भूपेंद्र पटेल को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया था। विजय रूपाणी के अचानक इस्तीफे के बाद गुजरात में सियासी सरगर्मी बढ़ गई थी। हालांकि भाजापा आलाकमान ने रूपाणी मंत्रीमंडल के सभी मंत्रियों को पटेल मंत्रीमंडल में भी शामिल किया था।

  • 02:48 PM, 14 Oct 2022

    गुजरात और हिमाचल में अभी भाजपा की सरकार

    2017 में हिमाचल में एक और गुजरात में दो चरण में चुनाव हुए थे। अभी दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और कांग्रेस विपक्ष में है।

  • 02:40 PM, 14 Oct 2022

    25 सीटों पर हिमाचल में नए उम्मीदवार उतार सकती है भाजपा

    हिमाचल प्रदेश में ऐसी चर्चा है कि भाजपा 25 से अधिक विधान सभा सीटों पर नए उम्मीदवारों को टिकट दे सकती है। भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा के लिए हिमाचल प्रदेश के चुनाव कितने महत्‍वपूर्ण हैं, इसका अनुमान यहां से भी होता है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के बिलासपुर में कार्यक्रम के तुरंत बाद दिल्‍ली जाकर नड्डा फिर से हिमाचल लौट आए। प्रयोजन था, पंच परमेश्‍वर सम्‍मेलन। पार्टी के लोग बताते हैं कि यह कार्यक्रम पूर्व नियोजित नहीं था।

  • 02:37 PM, 14 Oct 2022

    AAP की एंट्री से दिलचस्‍प मुकाबले के आसार

    इस बार आम आदमी पार्टी की एंट्री से दिलचस्‍प मुकाबले के आसार हैं। अरविंद केजरीवाल अपनी सभाओं में दिल्‍ली मॉडल का हवाला दे रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि गुजरात के लोगों ने आम आदमी पार्टी के मुफ्त बिजली के विचारों को पसंद किया है। इन्‍हीं विचारों ने केंद्र सरकार को योजना में बाधा डालने के लिए प्रेरित किया है। सनद रहे आम आदमी पार्टी ने कृषि प्रधान पंजाब में ऐसे ही चुनावी वादे किए थे।

  • 02:35 PM, 14 Oct 2022

    गुजरात विधानसभा 2017 चुनाव की दलीय स्थिति

    साल 2017 के विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा को 99 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि 2012 में उसने 115 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को हुए नुकसान के पीछे कई कारणों को जिम्मेदार ठहराया गया था। इन वजहों में जीएसटी के खिलाफ लोगों का गुस्सा, पाटीदार आंदोलन और सौराष्ट्र क्षेत्र में कृषि संकट भी शामिल था। हालांकि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनावों में किसानों पर पूरा फोकस किया था।

  • 02:34 PM, 14 Oct 2022

    गुजरात में इस बार भी 2017 की तरह रहेगा किसानों का मुद्दा हावी

    विश्‍लेषकों की मानें तो इस बार भी विधानसभा चुनाव में किसानों का मुद्दा हावी रहेगा। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस किसानों के मुद्दों को उठा रहे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि किसानों को राज्य और केंद्र की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

  • 02:29 PM, 14 Oct 2022

    कांग्रेस पर भारी पड़ सकती है AAP, भाजपा को घेरने में जुटे केजरीवाल

    पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद AAP की नजर गुजरात में भी बड़ी पैठ बनाने की है। दिल्ली के सीएम और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अब तक गुजरात में कई रैलियां की हैं। पार्टी दिल्ली के अपने सफल माडल को भुनाने की कोशिश कर रही है और गुजरात में मुफ्त बिजली और अच्छी शिक्षा का वादा कर रही है। गुजरात में AAP पिछले विधानसभा चुनाव में अपना खाता नहीं खोल पाई थी।