News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

भाजपा और निषाद पार्टी का गठबंधन फाइनल


लखनऊ, । उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का निषाद पार्टी के साथ गठबंधन फाइनल है। उत्तर प्रदेश में भाजपा से विधान परिषद सदस्य और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने रविवार को इसकी घोषणा की। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के संजय निषाद का दावा है कि उनकी पार्टी को भाजपा से 15 सीट मिलेगी।

निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने रविवार को कहा कि वे भाजपा के साथ गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की 15 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन सीटों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। निषाद ने कहा कि वह उन निर्वाचन क्षेत्रों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को दिल्ली में अमित शाह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे, जहां पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि हमें भाजपा के साथ गठबंधन में लडऩे के लिए 15 सीटें (403 सीटों में से) मिली हैं। सीटें फाइनल है। इनमें अधिकांश सीटें पूर्वांचल में हैं और कुछ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की भी हैं। संजय निषाद ने कहा कि कुछ सीटें हैं जिन्हें हम बदलते समीकरणों के कारण बदलना चाहते हैं। हम न केवल सीट पर बल्कि जीत पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसी कारण गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर सीट बदलने की बात करेंगे।

निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल यानी निषाद पार्टी का गठन 2016 में किया गया था। इसके नेता ने कहा कि हमें निषाद समुदाय के समर्थन से जीत मिलती है। निषाद समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में से एक है। संजय निषाद ने कहा कि उनकी पार्टी ने पूरे राज्य में अपनी पैठ बना ली है। गोरखपुर, बलिया, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, भदोही, सुल्तानपुर, फैजाबाद, चित्रकूट, झांसी, बांदा, हमीपुर और इटावा जिलों में इसका काफी प्रभाव है। निषाद पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव 2017 में पीस पार्टी ऑफ इंडिया, अपना दल और जन अधिकार पार्टी के साथ गठबंधन में 100 उम्मीदवार खड़े किए, लेकिन वह भदोही जिले के ज्ञानपुर में सिर्फ एक सीट जीत सकी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद गोरखपुर ग्रामीण से विधानसभा चुनाव लड़े थे और तीसरे स्थान पर आए थे।

संजय निषाद के बेटे प्रवीण कुमार निषाद 2018 के लोकसभा उपचुनाव में गोरखपुर से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार थे। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी को हराया था। भाजपा तो गोरखपुर से 1989 से चुनाव नही हारी थी। और उन्होंने गोरखपुर निर्वाचन क्षेत्र भाजपा से छीन लिया, जो 1989 से सीट जीत रही थी। निषाद पार्टी के प्रवीण कुमार निषाद अब संत कबीर नगर से भाजपा सांसद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर में निषाद समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं।