News TOP STORIES नयी दिल्ली बंगाल राष्ट्रीय

भाजपा कार्यकर्ता की मां की हत्या: सीबीआइ ने फरार दो महिला आरोपितों पर 50-50 हजार इनाम की घोषणा की


कोलकाता : बंगाल के उत्तर 24 परगना के जगदल में चुनाव बाद हिंसा में भाजपा के बूथ कार्यकर्ता की मां की हुई हत्या के मामले में सीबीआइ ने फरार दो महिला आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। दो मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे की घोषणा के दिन कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस समर्थित बदमाशों ने भाजपा कार्यकर्ता पर हमला किया था। बेटे को बचाने गई शोभा रानी मंडल को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा था। गंभीर रूप से घायल शोभा रानी की बाद में मौत हो गई। बदमाशों पर बांस से पीट-पीटकर शोभा रानी मंडल की हत्या करने का आरोप लगा था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी शोभा रानी के स्वजनों से मुलाकात की थी। अक्टूबर में इस मामले में सीबीआइ ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। एक आरोपित रतन हलदर ने पिछले साल सितंबर में बैरकपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। झरना मिस्त्री उर्फ ​​मामनी और प्रतिमा घोष उर्फ ​​मऊ नामक दो महिला आरोपित अभी फरार हैं। सीबीआइ ने अदालत के आदेश के बाद इन पर इनाम की घोषणा की है।

सीबीआइ को सूचना देने या मदद करने वालों के नाम गुप्त रखे जाएंगे। इसके अलावा सीबीआइ ने जगदल में चुनाव के बाद हुई हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता आकाश यादव के मामले में आरोपितों पर इनाम की घोषणा की है। दो मई को कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस समर्थित बदमाशों ने आकाश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

बताते चलें कि सीबीआइ ने चुनाव बाद हुई हिंसा मामले में कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार की हत्या के मामले में फरार पांच आरोपितों तथा शीतलकूची और नलहाटी में हुई हिंसा के मामले में फरार नौ आरोपितों पर 50- 50 हजार रुपये के इनाम का एलान किया है। भाजपा के जेपी नड्डा ने भी शोभा रानी के स्वजनों से मुलाकात की थी। अक्टूबर में सीबीआइ ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया था।