Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

‘भाजपा के कहने पर बसपा ने बदला प्रत्याशी’, डिंपल के खिलाफ उम्मीदवार बदलने पर भड़के अखिलेश यादव


 सैफई। मैनपुरी लोकसभा सीट पर बसपा की ओर से प्रत्याशी बदले जाने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कहने पर बसपा ने अपना प्रत्याशी बदल दिया। इस सीट पर पहले गुलशन शाक्य बसपा प्रत्याशी थे। अब शिव प्रसाद यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। यह नेताजी का क्षेत्र है, यहां के लोग हमारे परिवार से सीधे जुड़े हैं।

सपा प्रत्याशी डिंपल यादव की ऐतिहासिक जीत होगी। यह एक लंबी लड़ाई है। जिसमें पीडीए ही एनडीए को हराएगा। वे मैनपुरी में डिंपल यादव के नामांकन में जाने से पूर्व पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने भी लोगों को दुर्गाष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि क्षेत्र के सभी लोगों का आशीर्वाद उन्हें मिलेगा।  मैनपुरी के लोगों ने हमेशा परिवार की मदद की है।

डिंपल ने नामांकन से पहले की पूजा-अर्चना

डिंपल यादव अपने पति अखिलेश यादव के साथ मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल पर पहुंची और वहां पर पुष्प अर्पित किए। नामांकन के लिए रवाना होने से पूर्व उन्होंने आवास पर कन्या भोज कराया। गांव के देवी मंदिर में पूजा अर्चना भी की।

उनके साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव भी थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे सभी लोग मैनपुरी के लिए रवाना हुए। उनके साथ पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, तेज प्रताप सिंह यादव, अनुराग यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव भी साथ गए।