Latest News आज़मगढ़ उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

भाजपा ने रामपुर से घनश्‍याम लोधी और आजमगढ़ लोकसभा सीट से द‍िनेश लाल यादव को बनाया प्रत्‍याशी


लखनऊ,  भारतीय जनता पार्टी की केन्‍द्रीय चुनाव सम‍िति‍ ने उत्‍तर प्रदेश की रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीट पर आगरी 23 जून को होने वाले उपचुनाव के ल‍िए प्रत्‍याश‍ियों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा की केन्‍द्रीय चुनाव सम‍िति‍ ने रामपुर सीट से घनश्‍याम लोधी और आजमगढ़ सीट से द‍िनेश लाल यादव न‍िरहुआ का नाम घोष‍ित क‍िया है।

23 जून को लोकसभा की खाली दो सीट पर चुनाव होगा। आजमगढ़ की सीट अखिलेश यादव और रामपुर की सीट आजम खां के इस्तीफा देने के कारण खाली हो गई हैं। अखिलेश यादव मैनपुरी के करहल से और आजम खां अपनी परंपरागत सीट रामपुर सदर से विधायक बने हैं। आजमगढ़ लोक सभा उप चुनाव में समाजवादी पार्टी ने पूर्व राज्यसभा सदस्य तथा बामसेफ के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय बलिहारी बाबू के बेटे सुशील को प्रत्याशी घोषित किया है।

इन दोनों जगह पर उप चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के साथ समाजवादी पार्टी ने भी कमर कस ली है। समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी के बीच लोकसभा चुनाव 2019 में गठबंधन था, अब यह दोनों अलग हैं। भाजपा इसका लाभ लेने के प्रयास में रहेगी। बहुजन समाज पार्टी ने तो आजमगढ़ से शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को अपनी प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है, जबकि पार्टी ने रामपुर से चुनाव ना लड़ने का फैसला किया है। बसपा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आजमगढ़ लोकसभा सीट से इस्तीफा देने के तत्काल बाद गुड्डू जमाली को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की थी।