Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारतीय सीमा में मछली पकड़ रहे 88 बांग्लादेशी मछुआरों को कोस्ट गार्ड ने पकड़ा


कोलकाता। भारतीय समुद्री सीमा में घुसकर मछली पकड़ने के आरोप में भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) ने 88 बांग्लादेशी मछुआरों को पकड़ा है। कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता ने एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार की है जब बंगाल से लगती अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आइएमबीएल) के करीब 15 नाटिकल माइल के अंदर गश्त लगाने के दौरान बल के कर्मियों ने बंगधुनी द्वीप के निकट भारतीय समुद्री सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने वाली बांग्लादेश की तीन नौकाओं को देखा, जिनमें सवार मछुआरे मछलियां पकड़ रहे थे।

बल के जहाज पर सवार कर्मियों ने उन नौकाओं में सवार लोगों से संचार स्थापित करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इतना ही नहीं उन नौकाओं ने अपनी गति भी बढ़ा दी और पकड़े जाने के डर से बांग्लादेश की तरफ भागने की कोशिश की। ऐसे में तटरक्षक बल के जहाज ने उस क्षेत्र में सक्रिय बल के एसीबी के साथ इसकी जानकारी साझा की और दोनों के समन्वित आपरेशन के बाद तीनों नौकाओं में सवार 88 बांग्लादेशी मछुआरों को पकड़ लिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि बुधवार अपराह्न में पकड़े गए सभी मछुआरों और नौकाओं को दक्षिण 24 परगना जिले के फ्रेजरगंज मरीन पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इन नौकाओं से करीब 360 किलो मछलियां भी बरामद की गई है। इसे भी पुलिस को सौंप दिया गया है।

बता दें कि भारतीय तटरक्षक बल (आइसीजी) ने इससे पहले पिछले महीने आठ जनवरी को भारतीय सीमा में पकड़े गए बांग्लादेश की मछली मारने वाली एक नौका के क्रू सदस्यों व उस पर सवार मछुआरों को मानवीय आधार पर वापस भेज दिया था। दिसंबर के अंतिम हफ्ते में इंजन में खराबी आने के कारण यह नौका भटककर बंगाल की खाड़ी में पहुंच गई थी।भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास बांग्लादेश की मछली मारने वाली नौका ‘अल्लाहार दान’ और उस पर सवार बांग्लादेश के 20 मछुआरों को वापस भेज दिया था।