News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारत एक दिन में कई देशों की पूरी आबादी से अधिक टीके रोज लगा रहा है: पीएम मोदी


  1. नई दिल्ली,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत रोजाना 1.25 करोड़ कोविड टीके लगा रहा है जो कई देशों की आबादी से अधिक है। पीएम मोदी बोले, ‘भारत आज एक दिन में सवा करोड़ टीके लगाकर रिकार्ड बना रहा है। जितने टीके भारत आज एक दिन में लगा रहा है, वो कई देशों की पूरी आबादी से भी ज्यादा है। भारत के टीकाकरण अभियान की सफलता, प्रत्येक भारतवासी के परिश्रम और पराक्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है।’ बता दें कि पीएम हिमाचल प्रदेश में लक्षित आबादी के कोविड-19 टीकाकरण अभियान पूरा होने पर लोगों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हिमाचल के लोगों को बधाई दी।

पीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कहा कि हिमाचल प्रदेश सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली खुराक देने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि यह पहाड़ी राज्य 100 साल की सबसे बड़ी, कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में ‘चैंपियन’ बन कर उभरा है। उन्होंने इस दौरान कहा कि सिक्किम और दादरा एवं नगर हवेली ने भी यह लक्ष्य हासिल कर लिया है।

बता दें कि कोरोना का मुकाबला करने में भारत तेजी से लोगों को वैक्सीन लगा रहा है। पिछले हफ्ते भारत ने 1 करोड़ 33 लाख से अधिक टीके लगाए जाने का रिकार्ड बनाया है। एक दिन में एक करोड़ 33 लाख से अधिक टीके लगाया जाना कोरोना का मुकाबला करने में भारत की प्रतिबद्धता का परिचायक है। मंगलवार को रिकार्ड संख्या में टीके लगना भारत की बढ़ती क्षमता की भी गवाही दे रहे हैं। यह एक सप्ताह में दूसरी बार था, जब भारत में एक करोड़ से अधिक टीके लगाए गए। वहीं, भारत में अब तक 68 करोड़ 75 लाख 41 हजार 762 कोरोना के टीके लगाए गए। केंद्र ने 11 पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन की दूसरी डोज सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है क्योंकि इनमें से कुछ राज्यों में टीकाकरण कवरेज संतोषजनक नहीं है।