Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भारत को आयातक नहीं दुनिया का निर्यातक देश बनाना चाहते हैं- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह


  • नई दिल्ली,। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने शुक्रवार को DRDO भवन में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ से संबंधित रक्षा मंत्रालय के विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने कहा, ’75 साल पहले हम आजादी के लिए संघर्ष कर रहे थे, आज आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। ये सौभाग्य का क्षण है। 75 साल पहले हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने आवश्यकता पड़ने पर पहाड़ों में शरण ली आज हम उन्हीं पहाड़ों पर पर्वत अभियान कर रहे हैं।’

रक्षा मंत्री ने आगे कहा, ‘हम शस्त्रों के सबसे बड़े आयातक जाने जाते थे। अब भारत शस्त्रों का नंबर एक आयातक नहीं रहा। भारत को हम आत्मनिर्भर बनाएंगे। इस दिशा में प्रयास चल रहे हैं। हम भारत को आयातक नहीं दुनिया का निर्यातक देश बनाना चाहते हैं।’रक्षा मंत्री ने कहा, ‘ रक्षा मंत्रालय के द्वारा ये कार्यक्रम आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किए गए हैं। इसमें सभी विभागों का सम्मिलित प्रयास है। राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान की भावना मनुष्य के हृदय की सबसे बलवती भावना होती है। राष्ट्रीय स्वाभिमान को दुनिया की कोई ताकत चुनौती देती है तो उसका मुकाबला करने के लिए हमारे तीनों सेना के जवान तैयार हो जाते हैं और मुंहतोड़ जवाब देते हैं।’

भारतीय सेना के पर्वतीय अभियान की शुरुआत

रक्षा मंत्री ने आज भारतीय सेना की टीम के पर्वतीय अभियान को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर मौजूद चीफ ऑफ डिफेंस जनरल बिपिन रावत ने कहा, ‘मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि आने वाले सालों में हम जिस तरह से अपने सैनिक कार्रवाई की प्रक्रिया में बदलाव लाने जा रहे हैं इससे हमारी शक्ति और बढ़ेगी। सशस्त्र बल किसी भी काम को अधूरा नहीं छोड़ेंगे। चुनौतियां अभी भी बाकी हैं।’