Latest News नयी दिल्ली पंजाब

भारत बंद के बीच पंजाब सीएम की केंद्र से अपील, कहा- सुनी जाए किसानों की बात, निरस्त हो कृषि कानून


  1. पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रदर्शनकारी किसानों के साथ अपनी कांग्रेस सरकार की प्रतिबद्धता को देखते हुए सोमवार को केंद्र सरकार से तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की अपील की। उन्होंने किसानों से शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “हैशटैग आई स्टैंड विद फार्मर और केंद्र सरकार से तीन किसान विरोधी कानूनों को निरस्त करने की अपील करता हूं।”

“हमारे किसान एक साल से अधिक समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और यह उचित समय है कि उनकी आवाज सुनी जाए। मैं किसानों से शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का अनुरोध करता हूं।” पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने कहा, “पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी किसान संघों के साथ मजबूती से खड़ी है। सही और गलत की लड़ाई में आप तटस्थ नहीं रह सकते। हम हर कांग्रेस कार्यकर्ता से तीन असंवैधानिक काले कानूनों के खिलाफ अपनी पूरी ताकत से लड़ने का अनुरोध करते हैं।”

किसान संघों के राष्ट्रव्यापी आह्वान के बाद सोमवार को सैकड़ों किसानों ने दिल्ली को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 1 और रेलवे ट्रैक सहित प्रमुख राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया। पंजाब और हरियाणा में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है और किसानों, खेत मजदूरों, कमीशन एजेंटों, दुकानदारों, व्यापार और कर्मचारी संघों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के रूप में यातायात में व्यवधान देखा गया, जो शाम 4 बजे तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैठे रहेंगे।