Latest News महाराष्ट्र

भारत में मिला इंसाफ, छेड़छाड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी पर बोलीं कोरियाई यूट्यूबर


मुंबई, मुंबई में सड़क पर एक कोरियाई महिला यूट्यूबर से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी पर कोरियाई महिला यूट्यूबर ने बयान दिया है। दक्षिण कोरियाई यूट्यूबर ने कहा कि मेरे साथ दूसरे देश में भी ऐसा हुआ था, लेकिन उस समय मैं पुलिस बुलाने के लिए कुछ नहीं कर सकी थी।

मुझे भारत में मिला इंसाफ- कोरियाई यूट्यूबर

कोरियाई महिला यूट्यूबर ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारत में बहुत तेजी से कार्रवाई की गई है। मैं 3 सप्ताह से अधिक समय से मुंबई में हूं और अधिक समय तक रहने की योजना बना रही हूं। उन्होंने बताया कि मैं नहीं चाहती कि यह एक बुरी घटना मेरी पूरी यात्रा और अन्य देशों को अद्भुत भारत दिखाने के मेरे जुनून को बर्बाद कर दे।

 

कोरियाई यूट्यूबर के साथ क्या हुआ था?

दरअसल, एक दिन पहले कोरियाई यूट्यूबर मुंबई की सड़क पर निकली थी। इस दौरान वह खार इलाके में लाइवस्ट्रीमिंग कर रही थी। तभी वहां एक युवक आया और उसका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश कर रहा था। ये घटना कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद एक शख्स ने घटना से जुड़े वीडियो को ट्वीट कर आरोपियों की गिरफ्तारी क मांग की थी। जिसके बाद मोबीन चंद मोहम्मद शेख और मोहम्मद नकीब अंसारी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल दोनों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

 

महिला यूट्यूबर ने ट्वीट कर दी घटना की जानकारी

वहीं, कोरियाई महिला यूट्यूबर ने वीडियो को रिट्वीट करते हुए घटना के बारे में जानकारी दी। महिला यूट्यूबर के अनुसार, कल रात मुंबई की सड़क पर एक युवक ने उसे परेशान किया। उसने लिखा कि मैंने पूरी कोशिश की कि स्थिति को न बढ़ाऊं और वहां से निकल जाऊं, क्योंकि वह अपने दोस्त के साथ था। महिला ने कहा कि ये घटना उसे स्ट्रीमिंग के बारे में फिर से सोचने पर मजबूर कर रही है।