Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

‘भूले-बिसरे’ नेताओं को कांग्रेस करवाएंगी घर वापसी, प्रियंका गांधी ने बनाया उनके लिए खास प्लान


  • लखनऊ, : उत्तर प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) की कमान पूरी तरह से अपने हाथों में सम्भाल ली है। चुनाव की कमान अपने हाथों में संभालते ही प्रियंका गांधी यूपी दौरे पर हैं। बता दें, प्रियंका गांधी दो दिन तक लखनऊ में रहीं, जहां पर उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें कीं। तो वहीं, रविवार (12 सितंबर) प्रियंका गांधी रायबरेली पहुंच गई है, यहां वो कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी और पदाधिकारियों संग बैठक करेंगी।

दरअसल, यूपी चुनाव में कांग्रेस पार्टी खुद को असल विकल्प के रुप में साबित करने के लिए पूरी तैयारी के साथ उतरने की तैयारी कर रही है। इसलिए, जो लोग कांग्रेस छोड़कर अन्य दलों में चले गए, उन्हें पार्टी में वापस बुलाने के लिए प्रियंका गांधी ने हर कोशिश करने के आदेश दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि जरूरत पड़ती है तो वह खुद चलकर उन नेताओं के घर तक जाएंगी या फिर फोन पर उनसे बातचीत करेंगी।

बता दें, लखनऊ मीटिंग के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक मुद्दे पर काफी गंभीर दिखाई दी। वो मुद्दा था कांग्रेस छोड़ चुके या निष्क्रिय हो चुके नेताओं के बारे में। बैठक में प्रियंका ने यह जानने की कोशिश की कि आखिर किसकी वजह से ये लोग पार्टी छोड़ने पर मजबूर हो गए। इन सभी नेताओं के बारे में प्रियंका गांधी ने एक-एक करके संगठन के पदाधिकारियों से जाना। उन्होंने यह भी पूछा कि यदि किसी नेता की वजह से ये लोग पार्टी छोड़कर गए हैं तो उनका नाम क्या है।