पटना

भोजपुर में उपद्रवियों ने सीओ की गाड़ी को फूंका


पटना। भोजपुर जिले के अगिआंव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब सड़क जाम कर रहे लोगों ने सीओ की सरकारी गाड़ी को फूंका दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना को लेकर लोग काफी गुस्से में हैं। तनाव की स्थिति बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी कैंप कर रहे हैं।

मिल रही जानकारी के अनुसार, गड़हनी थाना क्षेत्र स्थित रन्नी-खरैंचा गांव के निकट आज शनिवार की दोपहर में एक ट्रैक्टर अनकंट्रोल हो गया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कोरी के नागा पासवान तथा विकास कुमार के रूप में की गई है। घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गए। वे दोनों शवों को लेकर पवना चले आए।

पवना बाजार में शवों का रखकर लोगों ने आरा-सहार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ट्रैक्टर का पीछा कर रही थी। इसी के चलते ट्रैक्टर अनकंट्रोल हो गया। इसके बाद ट्रैक्टर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।

सड़क जाम कर रहे लोगों को हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसके बाद भीड़ और अधिक उग्र हो गई। इसके बाद मौके पर हालात को संभालने पहुंच हुए सीओ की सूमो विक्टा गाड़ी को भीड़ ने आग में झोंक दिया। भोजपुर एसपी राजेश दुबे के आदेश पर मुख्यालय से दंगा निरोधक दस्ते को घटनास्थल पर भेजा गया है। अगिआंव सीओ की गाड़ी के फूंके जाने की खबर मिलते ही मुख्यालय में गतिविधि तेज हो गई है। मौके पर मुख्यालय से सदर डीएसपी और एसडीओ को भी मौके पर भेजा गया है। बहरहाल, घटना को लेकर इलाके में तनाव बना है।