Latest News नयी दिल्ली

मई में लगेगा साल का पहला चंद्र ग्रहण, वृश्चिक राशि पर होगा सबसे ज्यादा असर


  •  विज्ञान के अनुसार सूर्य और चंद्रमा के बीच में जब पृथ्वी आ जाती है तो ये तीनों एक सीधी लाइन में होते हैं। इस स्थिति को चंद्र ग्रहण कहा जाता है। पंचांग और ज्योतिष गणना के अनुसार साल 2021 का पहला चंद्र ग्रहण 26 मई को लगेगा। इस दिन वैशाख मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि रहेगी। साल का पहला चंद्र ग्रहण वृश्चिक राशि में लगेगा। इस वजह से इस राशि के लोगों को इस ग्रहण के दौरान विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की जरूरत है। ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन का कारक माना गया है। मान्यता है कि चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा पीड़ित हो जाता है और कमजोर पड़ जाता है। इस वजह से चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा अपना पूर्ण फल प्रदान नहीं कर पाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जब चंद्रमा और केतु की युति बनती है तो शुभ परिणाम प्राप्त नहीं होते हैं। केतु को छाया ग्रह माना गया है।

कब होगा चंद्रग्रहण

साल का पहला चंद्रग्रहण 26 मई को दोपहर 2 बजकर 17 मिनट पर शुरू होगा और शाम 7 बजकर 19 मिनट तक रहेगा। हालांकि, इस ग्रहण में सूतक काल मान्य नहीं होगा। इस ग्रहण को उपछाया ग्रहण भी कहते हैं। उपछाया ग्रहण होने पर सूतक काल का नियम नहीं लगेगा। पूर्ण चंद्र ग्रहण की स्थिति में सूतक काल 9 घंटे पहले शुरू होता है। हालांकि, उपछाया चंद्रग्रहण के कारण इस बार चंद्रग्रहण पर सूतक काल नहीं होगा।