पटना

मखदुमपुर: देश की सेवा करते हुए जहानाबाद के लाल कर दी अपनी जान न्योछावर


गश्ती के दरम्यान खाई में गिरी पेट्रोलिंग गाड़ी

मखदुमपुर। जिले के मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र के सेवती गांव के लाल मनीष कुमार ने अरुणाचल प्रदेश में देश की सेवा करते हुए अपनी जान न्योछावर कर दी। मनीष कुमार के शहादत की खबर जैसे ही गांव में मिली, पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। उनके घर से निकलते चीख पुकार की आवाज से ग्रामीण भौंचक रह गए। मातमी आवाज सुनकर जब ग्रामीण उनके घर की ओर दौड़े तो ये खबर सुन ग्रामीण भी सन्न रह गए।

इस बाबत ग्रामीणों ने बताया कि मनीष गश्ती के लिए गाड़ी से निकले थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी खाई में गिर गई, जिसमें मनीष कुमार के अलावा दो सिपाही, एक जेसीओ समेत कुल 4 लोगों की जान चली गई। ग्रामीणों ने बताया कि मनीष पिछले 10 वर्षों से इंडियन आर्मी में कार्यरत थे। मनीष के दो बच्चे हैं, जिसमें बड़ा बेटा चार वर्ष एवं बेटी ढाई वर्ष की है।

उनके पिता राधोश्याम शर्मा पेशे से किसान हैं। उनके दो बेटे मनीष एवं पियूष सेना में देश की सेवा कर रहे हैं। मनीष की हादसे में जान चली गयी। उनके शहादत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।