News TOP STORIES नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय

मणिपुर के भीषण लैंडस्‍लाइड में टेरिटोरियल आर्मी के 7 जवानों की मौत, 55 लोग लापता; बचाव आपरेशन जारी


इंफाल मणिपुर में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में प्रादेशिक सेना के सात जवानों के मारे जाने की खबर है। वहीं, 19 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन 55 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। नार्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक लगातार बारिश के कारण बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन से जिरीबाम-इंफाल नई लाइन परियोजना के तुपुल स्टेशन की इमारत को नुकसान पहुंचा है। साथ ही भूस्खलन के कारण ट्रैक निर्माण कार्य को बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है।

समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल लोगों का इलाज नोनी आर्मी मेडिकल यूनिट में किया जा रहा है। खराब मौसम और हाल ही में हुए भूस्खलन के कारण बचाव कार्य में कई तरह की बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों में लगातार बारिश के कारण कई लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग -37 पर यात्रा न करने की भी सलाह दी गई थी।

मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने की आपात बैठक

मणिपुर के नोनी जिले में हुए भीषण लैंडस्‍लाइड के बाद राज्य के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने एक आपात बैठक बुलाई। जिसमें उन्होंने स्थिति का आंकलन करने के साथ, बताया की मौके पर बचाव कार्य जारी है। उन्होंने सभी से पीड़ितों के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया है।