Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मणिपुर में फिर स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा सरकार, छह सीटों पर जदयू ने मारी बाजी


इंफाल,  मणिपुर में भाजपा एक बार फिर स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 32 सीटों पर जीत मिली है। सबसे अचंभित करने वाला प्रदर्शन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) का रहा है। जदयू ने छह सीटों पर जीत मिली है। वहीं, कांग्रेस को सिर्फ पांच सीटों पर जीत मिल पाई है। कुकी पीपुल्स अलायंस को दो सीट मिली हैं और तीन सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए हैं।

 

भाजपा की ये रणनीति आई काम

भाजपा को विजयी बनाने के लिए मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्य की जनता का आभार जताया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के विकास कार्यों की जीत भी बताया है। बीरेन सिंह ने हींनगंग सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तथा कांग्रेस उम्मीदवार पी शरतचंद्र सिंह को 18,271 मतों से हराया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता ओकराम इबोबी सिंह ने थोउबल विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तथा भाजपा उम्मीदवार एल बी सिंह को 2,543 मतों के अंतर से पराजित किया है। भाजपा ने मणिपुर में 2017 में सिर्फ 21 सीट जीतने के बावजूद, क्षेत्रीय दलों एनपीपी और एनपीएफ के साथ मिलाकर सरकार बनाई थी। विधानसभा में भगवा पार्टी की ताकत बाद में बढ़कर 28 हो गई थी।