News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

मथुरा से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव: वृंदावन के राधारमण मंदिर में पंचामृत से हुआ ठाकुरजी का अभिषेक


  • भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा समेत देशभर में जन्माष्टमी की धूम है। आज आधी रात को कृष्ण कन्हाई घर में जन्म लेंगे, लेकिन ब्रज में कान्हा के जन्मोत्सव के कार्यक्रम सोमवार सुबह से ही शुरू हो गए हैं। वृंदावन के राधारमण मंदिर में सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सेवायतों ने ठाकुरजी का पूजन किया।

राधारमण मंदिर में सेवायतों ने औषधियों से निर्मित पंचामृत से ठाकुरजी का अभिषेक किया। पंचामृत में मनोर, दूध-दही, शहद और बूरा के साथ जड़ी बूटियों का प्रयोग किया गया। प्राचीन शाहजी मंदिर में सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुरजी का महाभिषेक दूध, दही, शहद, बूरा, इत्र से किया। इस दौरान मंदिर परिसर ठाकुरजी के जयकारों से गुंजायमान हो गया।

मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर में भी पूरे विधि विधान से कान्हा जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। यहां सेवायतों ने मंदिर के पट खुलते ही सुबह भगवान द्वारिकाधीश का पंचामृत अभिषेक किया। इस अवसर पर द्वारिकाधीश के दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। उधर, राधा दामोदर मंदिर में भी जन्मोत्सव की धूम है।

आकर्षित पोशाक धारण कर भक्तों को दर्शन देंगे बांकेबिहारी
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जन-जन के आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज सुंदर आकर्षित पोशाक धारण कर भक्तों को दर्शन देंगे। पीत रंग की इस पोशाक को कोलकाता के कुशल कारीगरों द्वारा बनाया गया है। लगभग एक माह से अधिक समय में यह पोशाक बनकर तैयार की गई है।

मंदिर के सेवायत रघु गोस्वामी ने बताया कि पीत रंग की इस पोशाक में कई रत्न और नगों की कारीगरी की गई है। रविवार की शाम यह पोशाक मंदिर के सेवायतों को मिली है। ठाकुरजी के एक भक्त के द्वारा इस पोशाक को अर्पित किया गया है।

श्रीबांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती आज
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में सोमवार को रात 12 बजे ठाकुर बांकेबिहारीजी महाराज के श्रीविग्रह का अभिषेक होगा। 1:56 बजे बाद मंगला आरती के दर्शन होंगे। उसके बाद 31 अगस्त की सुबह 2 बजे से 5:30 तक श्रद्धालु दर्शन लाभ ले सकेंगे तथा नंदोत्सव दर्शन प्रात: 7:45 से 12 बजे तक होंगे।