News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली पंजाब महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- सोनिया गांधी के नेतृत्व में पार्टी ने केंद्र में दो बार बनाई अपनी सरकार


नई दिल्ली, । कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा कि उनके लिए कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता एक समान है। पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि हम सभी को एक साथ मिलकर पार्टी के एक सच्चे सैनिक की तरह काम करना है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लगातार लोकतंत्र को मजबूत किया है और संविधान की रक्षा की है। उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरों से हमें साथ मिलकर लड़ना है।’

सोनिया गांधी के नेतृत्व में केंद्र में दो बार बनी सरकार

कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ संविधान की रक्षा की है। उन्होंने कहा, ‘मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने निजी त्याग कर 23 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा है। उनके नेतृत्व में हमने केंद्र में दो बार सरकार बनाई और अनेकों राज्यों में कांग्रेस को मजबूत किया है।’

शशि थरूर को दी बधाई

खड़गे ने अपने आवास पर प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, मैं अपने साथी शशि थरूर को भी बधाई देना चाहता हूं। मैं उनसे मिला और उनसे चर्चा की कि पार्टी को कैसे आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने आगे कहा, ‘सरकार देश में नफरत फैला रही है। पूरा देश राहुल गांधी के संघर्ष से जुड़ रहा है।

 

पीएम ने खड़गे को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दी।

शशि थरूर ने दी प्रतिक्रिया

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के उम्मीदवार शशि थरूर ने खड़गे के जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘हमें मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत को कांग्रेस पार्टी की जीत मानना चाहिए। यह चुनाव किसी एक व्यक्ति से संबंधित नहीं था। यह कांग्रेस पार्टी के बारे में था। मैं हमेशा से पार्टी को मजबूत करना चाहता था क्योंकि देश के लिए कांग्रेस को मजबूत करना बहुत जरूरी है। मालूम हो कि कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे औपचारिक रूप से 26 अक्टूबर को पार्टी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे।