Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

महारानी एलिजाबेथ द्व‍ितीय ने ब्रि‍ट्रिश साम्राज्‍य का उत्‍कर्ष देखा, पतन की बनीं गवाह


नई दिल्‍ली, : ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्व‍ितीय के साथ एक अध्‍याय समाप्‍त हो गया। एलिजाबेथ द्व‍ितीय की मौत के बाद ब्रिटिश साम्राज्य फिर से सुर्खियों में है। 70 वर्ष पूर्व जब एलिजाबेथ द्व‍ितीय देश की महारानी बनीं थीं, तब ब्रिटेन दुनिया के सबसे बड़े साम्राज्यों में शुमार था, लेकिन एलिजाबेथ के सामने ही इसका पतन शुरू हुआ और तकरीबन समाप्‍त भी हो गया। आइए जानते हैं ब्रिटिश साम्राज्‍य के के अतीत और वर्तमान के बारे में। ब्रिटेन का सूरज कभी अस्‍त नहीं होता है अब कागजों में सिमट कर रह गया।

1- 19वीं सदी में ब्रिटिश साम्राज्य का दुनिया  के करीब एक चौथाई हिस्से पर कब्जा था। उस समय ये कहावत थी कि ब्रिटिश साम्राज्य में सूरज कभी नहीं डूबता। यानी दुनिया के 26 फीसद इलाके और करीब 25 फीसद आबादी पर ब्रिटिश शासन था। ब्रिटेन ने दुनिया के करीब 80 देशों और आइलैंड पर शासन किया। इसकी विशालता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उस वक्त 3.5 करोड़ वर्ग किलोमीटर यानी दुनिया के करीब 26 फीसद इलाके इसके अधीन थे। 16वीं सदी की समाप्ति के बाद ब्रिटेन ने अपने देश के बाहर दुनिया में अपने पैर पसारने शुरू किए। 16वीं से 18वीं सदी के दौरान ब्रिटेन ने यूरोपीय ताकतों को पछाड़ते हुए दुनिया के सबसे ताकतवर साम्राज्य की नींव रखी।

2- महारानी एलिजाबेथ द्व‍ितीय वर्ष 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनीं। उस वक्‍त वह 26 वर्ष की थीं। यह वह दौर था जब ब्रिटेन साम्राज्य का सूरज ढलने की शुरुआत हो चुकी थी। हालांकि, उस वक्‍त भी करीब 55 देशों और आइलैंड पर ब्रिटेन का शासन था। इसके बाद ब्रिटिश साम्राज्य का तेजी से पतन हुआ। 1997 में हांगकांग को चीन को सौंपने के साथ ही ब्रिटिश साम्राज्य का अंत हो गया। फिलहाल ब्रिटिश साम्राज्य दुनिया के 14 आइलैंड तक ही सिमटकर रह गया है। इनमें से ज्यादातर आइलैंड वीरान हैं और इनकी कुल आबादी महज 2.72 लाख वर्ग किलोमीटर है। कुछ आइलैंड तो 50 वर्ग किलोमीटर के ही हैं। कुछ आइलैंड की जनसंख्‍या 100 से भी कम है। एक देश के रूप में ब्रिटेन का खुद का एरिया अब 2.42 लाख वर्ग किलोमीटर है।

3- 1931 में बना कामनवेल्थ उन देशों का समूह है, जिन पर कभी न कभी ब्रिटेन का शासन था। भारत समेत 36 देश संप्रभु हैं, वहीं कामनवेल्थ पांच देशों में ब्रिटेन के राजा या रानी के बजाय उनके अपने राजा हैं। 2.5 अरब लोग कामनवेल्थ देशों में रहते हैं, इनमें 60 फीसद से अधिक 29 या उससे कम उम्र के हैं। भारत समेत कुल 56 देश कामनवेल्थ के सदस्य हैं। इनमें से 52 देशों पर ब्रिटेन का शासन रहा है। हालांकि, कुछ ऐसे देश भी कामनवेल्थ के सदस्य हैं जिन पर ब्रिटेन का शासन कभी नहीं रहा है। कामनवेल्थ का मुख्‍यालय लंदन में है। हर चार वर्ष में होने वाले कामनवेल्थ गेम्स में यही देश हिस्सा लेते हैं। अफ्रीका, एशिया, अमेरिका, यूरोप और पैसिफिक के 56 देश कामनवेल्थ के सदस्य हैं। दुनिया के 42 सबसे छोटे देशों में से 32 कामनवेल्थ के सदस्य हैं, इनमें से प्रत्येक की आबादी 15 लाख या उससे कम है।