Latest News महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में नेवी ऑफिसर की जिंदा कर जला हत्या


30 जनवरी को चेन्नई एयरपोर्ट के बाहर से किया था किडनैप

, 10 लाख रुपए  फिरौती मांगी गई थी

चेन्नई से अगवा किए गए नेवी के एक ऑफिसर को किडनैपर्स ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में जिंदा जला दिया। बुरी तरह झुलसे अधिकारी ने शनिवार को दम तोड़ दिया। जांच में सामने आया है कि उन्हें छोड़ने के बदले 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस का मानना है कि पैसा न मिलने पर बदमाश उन्हें बीते शुक्रवार को पालघर के जंगल में ले गए। वहां उनके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।पालघर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ किडनैपिंग और मर्डर का केस दर्ज कर लिया है।

पालघर के SP दत्तात्रय शिंदे ने बताया कि 27 साल के नेवी ऑफिसर सूरज कुमार दुबे झारखंड के रांची के रहने वाले थे। उनकी पोस्टिंग चेन्नई में थी। वे आईएनएस अग्रणी पर तैनात थे। 30 जनवरी को चेन्नई एयरपोर्ट के बाहर से उन्हें किडनैप कर लिया गया था। अभी यह साफ नहीं हुआ कि सूरज छुट्‌टी पर थे तो एयरपोर्ट क्यों गए थे। ।

जिस वक्त बदमाश सूरज को जला रहे थे, एक शख्स ने देखकर शोर मचाया तो आरोपी सूरज को छोड़कर भाग गए। उस शख्स ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सूरज को उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां होश आने पर सूरज ने पुलिस को अपने अपहरण के बारे में बताया।

सूरज की हालत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मुंबई रैफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उन्होंने शनिवार को दम तोड़ दिया। SP दत्तात्रय शिंदे ने बताया कि सूरज के परिवार को खबर दे दी गई है। उनके आने के बाद ही ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।