Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मारा गया असम का ये सबसे खूंखार अपराधी, 42 लोगों को उतार चुका था मौत के घाट


  1. गुवाहाटी असम का सबसे खूंखार अपराधी बुबू कोंवर पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। कोंवर ने राज्य में कई हाई-प्रोफाइल हत्याएं की थी। पिछले कुछ सालों में इसने 42 लोगों का मर्डर किया था। इसके बाद बुधवार शाम को सिबसागर जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वो मारा गया। 43 साल का बुबू कोंवर कई कार चोरी, ड्रग डीलिंग, जबरन वसूली, फिरौती के लिए अपहरण जैसे अपराधओं में शामिल रहा था। कई जिलों में उसके खिलाफ 50 मामले दर्ज थे।

विशेष डीजीपी जीपी सिंह ने बुधवार रात ट्वीट किया, ‘एक अनुभवी अपराधी, बुबू कोंवर, सिबसागर के गेलेकी में पुलिस के साथ गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गया, उसने पुलिस टीम को निशाना बनाया था। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया और गेलेकी सिविल अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उसके कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की गई है।”

पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब एक सहयोगी के साथ स्कूटर पर सवार कोंवर ने पुलिस चेक से भागने की कोशिश की और कर्मियों पर गोली चला दी। उसका साथी भागने में सफल रहा।

कोंवर को इसी साल मार्च में जोरहाट से गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से 35 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद किया गया था, लेकिन वह जमानत पर छूटने में कामयाब रहा था। इससे पहले उसे नवंबर, 2016 में एक कार चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। तभी उसने टीवी कैमरों के सामने स्वीकार किया था कि वह एक कॉन्ट्रैक्ट किलर है और उसने पैसे के बदले 42 लोगों की हत्या की थी।