पटना

मुंगेर से नक्सली धनेश्वर कोड़ा गिरफ्तार


धरहरा (मुंगेर)। लड़ैयाटांड थाना क्षेत्र के सखौल गांव कोल जंगली क्षेत्र से मंगलवार की देर रात एसटीएफ जमालपुर ने एक कुख्यात नक्सली को गिरफ्तार किया। एएसपी अभियान कुणाल कुमार ने बताया कि पुलिस ने नक्सली धनेश्वर कोड़ा को उस समय गिरफ्तार किया जब वह जंगल की ओर भागने वाला था। गिरफ्तार नक्सली सखौल गांव निवासी स्व. विरसहाय कोड़ा का पुत्र एवं पूर्व मुखिया योगेन्द्र कोड़ा का भाई है।

गिरफ्तार नक्सली पर हत्या, अपहरण, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार नक्सली ने हाल ही में आजिमगंज पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया परमानंद टुडू की गला रेत कर हत्या की थी। इस मामले में वह नामजद अभियुक्त है। इससे पूर्व बरियारपुर थाना में जमालपुर रेल सुरंग, मुंगेर किला आदि को उड़ाने जैसी बड़ी साजिश का नामजद अभियुक्त है। सुरेश कोड़ा, बालेश्वर कोड़ा के साथ मिलकर क्षेत्र से लेवी वसूली करता था। इसके साथ ही संगठन को विस्तार करने के लिए भोले भाले युवक को सब्जबाग दिखाकर संगठन में शामिल करने का काम करता था।

इस नक्सली के गिरफ्तार होने से पुलिस को संगठन के संबंध में कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। गांव में रहकर पुलिस की हर मूवमेंट की खबर नक्सलियों को पहुंचाता था। पुलिस ने विशेष इनपुट पर एसटीएफ जमालपुर, करेली चीता और जिला पुलिस मुंगेर के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाकर नक्सली को गिरफ्तार किया। गौरतलब हो कि बीते 23 दिसंबर की रात में नक्सलियों ने नवनिर्वाचित मुखिया परमानंद टुडू की हत्या कर दी थी। इसमें पुलिस ने अबतक छह नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसमें आजिमगंज पंचायत के पूर्व मुखिया योगेन्द्र कोड़ा भी शामिल हैं।