Latest News नयी दिल्ली महाराष्ट्र राष्ट्रीय

मुंबई और ठाणे का दही-हांडी उत्सव राजनीति के रंग में रंगा दिखा, एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर कसा तंज


मुंबई Dahi Handi: जन्माष्टमी (Janmashtami) के अवसर पर महाराष्ट्र में मनाया जाने वाला दही-हांडी उत्सव इस बार मुंबई और ठाणे में पूरी तरह राजनीति के रंग में रंगा दिखा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ठाणे में इस उत्सव के बहाने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) पर तंज कसते दिखे, तो ठाणे की ही दूसरी दही-हांडी (Dahi Handi) को उद्धव गुट ने निष्ठा दही-हांडी नाम देकर शिंदे को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की। मुंबई में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार दही-हांडी के बहाने बीएमसी चुनाव पर निशाना साधते दिखे।

एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर कसा तंज

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस बार कई दिनों पहले से ही दही-हांडी में भाग लेने वाले युवाओं के लिए कई घोषणाएं करते आ रहे हैं। शुक्रवार को उन्हें अपने गृहक्षेत्र ठाणे के टेंभी नाका दही-हांडी उत्सव में भाग लेते हुए उद्धव ठाकरे पर तंज कसा कि गोविंदा मानव पिरामिड बनाकर दही-हांडी फोड़ते हैं। हमने डेढ़ माह पहले 50 मंजिलों का पिरामिड बनाकर सबसे बड़ी राजनीतिक हांडी फोड़ी है। उनका इशारा उन 50 विधायकों की ओर था, जिन्हें साथ लेकर वह अपनी सरकार बनाने में सफल रहे। टेंभी नाका की दही-हांडी उनके राजनीतिक गुरु आनंद दिघे ने शुरू की थी। इस दही-हांडी के बढ़ते स्तर की देखा देखी बाद में महाराष्ट्र में कई स्थानों पर दही-हांडी की शुरुआत हुई। टेंभी नाका पर दही-हांडी उत्सव में ग्लैमर का तड़का लगाने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ अभिनेत्री श्रद्धा कपूर भी उपस्थित थीं।

शिवसेना ने निष्ठा की हांडी का आयोजन किया

दूसरी ओर ठाणे के ही दूसरे हिस्से में उद्धव गुट के सांसद राजन विचारे ने ‘निष्ठा की हांडी’ का आयोजन किया। निष्ठा की हांडी से तात्पर्य था उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना में आस्था रखने वाले कार्यकर्ताओं की दही-हांडी। इस दही-हांडी उत्सव में भाग लेनेवाले गोविंदा मंडलों के सम्मान की व्यवस्था की गई थी। इसी प्रकार मुंबई के दादर में शिवसेना भवन के ठीक सामने भी शिवसेना ने निष्ठा दही हांडी का आयोजन किया था। इस दही हांडी में शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे व मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर शिवसैनिकों का उत्साह बढ़ाने के लिए मौजूद थे। जबकि आदित्य ठाकरे के चुनाव क्षेत्र वरली में भाजपा के दही-हांडी उत्सव का जोर देखा गया।

देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना पर साधा निशाना  

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व मुंबई भाजपा के पुनर्नियुक्त अध्यक्ष आशीष शेलार मुंबई के वरली स्थित जांबोरी मैदान में इस बार भाजपा द्वारा आयोजित दही-हांडी उत्सव में भाग लेने पहुंचे। यहां फडणवीस ने शिवसेना को घेरते हुए कहा कि इस बार मुंबई महानगरपालिका में भ्रष्टाचार की दही-हांडी फोड़ी जाएगी। जांबोरी मैदान आदित्य ठाकरे के चुनाव क्षेत्र वरली में स्थित है। यह क्षेत्र शिवसेना का गढ़ माना जाता है। यहां हर साल शिवसेना की ही दही-हांडी लगती थी, लेकिन इस बार भाजपा ने जांबोरी मैदान की बुकिंग में बाजी मार ली, जिसके कारण शिवसेना को अपनी दही-हांडी वरली नाका पर ले जानी पड़ी है। यहां खुद देवेंद्र फडणवीस ने पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने की कोशिश की है।

दही-हांडी उत्सव में घायल गोविंदा अस्पताल में भर्ती

इसके बाद फडणवीस मागाठाणे क्षेत्र के विधायक प्रकाश सुर्वे की दही-हांडी में भी भाग लेने पहुंचे। कुछ ही दिनों पहले प्रकाश सुर्वे का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अपने कार्यकर्ताओं से कहते सुनाई दे रहे थे कि यदि कोई शिवसैनिक तुम्हें छेड़े तो तुम भी उसके पैर तोड़ दो। जमानत कराने के लिए हम बैठे हैं। कोरोना के कारण दो वर्ष दही-हांडी उत्सव नहीं हो सका था। इस बार यह उत्सव दोगुने उत्साह से मनाया जा रहा है। ऊंचे-ऊंचे मानव पिरामिड बना रहे कई गोविंदाओं के गिरने और घायल होने की भी खबरें आ रही हैं। घायल हुए कुछ गोविंदाओं को अस्तपाल में भर्ती भी करना पड़ा है।