Latest News महाराष्ट्र

मुंबई में रविवार को भारी बारिश की संभावना


  • मुंबई और इसके पड़ोसी क्षेत्रों के दूरदराज इलाकों में रविवार को भारी बारिश की ‘अत्यधिक संभावना’ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। विभाग ने महाराष्ट्र के रत्नागिरि और रायगढ़ जिलों के लिए भी ऐसा ही ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। दूसरी ओर, दिल्ली में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने कहा कि मुंबई और पड़ोसी ठाणे के कुछ स्थानों में शनिवार को भी भारी बारिश हो सकती है। 24 घंटे के भीतर 204.55 मिमी से ज्यादा बारिश को अत्यंत भारी बारिश माना जाता है।

रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए अलर्ट

आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा, ‘मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरि जिलों में रविवार को दूरदराज इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। रायगढ़ और रत्नागिरि जिलों में शनिवार के लिए भी इसी तरह का अलर्ट जारी है।’

सामान्य से कम दर्ज किया तापमान

राष्ट्रीय राजधानी के लोगों ने शुक्रवार को उमस भरी गर्मी का सामना किया और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। आईएमडी ने बताया कि नमी का स्तर 91 से 47 प्रतिशत तक दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला ने बताया कि कल देर रात बारिश होने से तापमान कम हो गया और शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम के औसत से आठ डिग्री कम है