News TOP STORIES महाराष्ट्र

मुंबई में लगातार भारी बारिश से रफ्तार पर ब्रेक, जलभराव से कई इलाकों में बिगड़े हालात


  • मानसून की बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन ठप हो गया है। बारिश के कारण कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। इसके कारण कई जगहों पर लंबा जाम लग रहा है। ऑफिस और काम करने वाले लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में मुंबई और इसके आस पास के इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इतना ही नहीं, मौसम विभाग की ओर से हाई टाइड आने की भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के पूर्वी उपनगरों में 89.30 मिमी से लेकर 92.38 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं मुंबई शहर में 79.66 मिमी बारिश हुई। चेंबूर और अंधेरी के कई इलाकों में पानी भर गया है। अंधेरी के सब-वे में बारिश के कारण जलभराव हो गया है। इससे आने वाले जाने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले दो दिन भारी से भारी बारिश का अनुमान जताया है। शहर में मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाके में भारी जलजमाव है। इसकी वजह से कई रास्तों पर ट्रैफिक पर भी असर पड़ा है। सड़क पर पानी भरने की वजह से कई गाड़ियां बीच सड़क पर ही खड़ी हो गईं। विले पार्ले वेस्टर्न हाईवे पर बारिश के बावजूद आवाजाही जारी है।

मैदानी इलाकों में 2 दिन में भारी बारिश का अनुमान
गौरतलब है कि भारत के मैदानी इलाकों में मानसूनी बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिम-मध्य और बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती क्षेत्र बनने से उत्तर भारत के कई राज्यों में 12 जून से गरज के साथ बारिश होगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि अगले 4-5 दिनों में मध्य और उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश हो सकती है