Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

‘मुकदमे वापस लेने का नाटक कर रही योगी सरकार’, प्रियंका ने पूछा- किसके आदेश पर किया गया था अपमान?


  1. लखनऊ, : पराली जलाने के आरोप में योगी सरकार द्वारा किसानों पर मुकदमे दर्ज कराए गए थे, जिन्हें उन्होंने अब वापस ले लिया है। योगी सरकार के इस फैसले जहां सैकड़ों किसानों को रहात मिली है। तो वहीं, अब योगी सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने इस मामले पर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। साथ ही, प्रियंका गांधी ने इसे सरकार का नाटक बताया है।

दरअसल, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में अब छह महीने से भी कम समय बचा है, ऐसे में प्रदेश सरकार द्वारा पराली जलाने के मुकदमे किसानों से वापस लेना सभी को चुनावी स्टंट लगा रहा है। तो वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार (16 सितंबर) को ट्वीट कर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर कटाक्ष किया है। साथ ही एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें पुलिसकर्मी किसान का कॉलर पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे है।

प्रियंका गांधी द्वारा साझा किया गया यह फोटो उस वक्त का है, जब किसानों पर पराली जलाने के आरोप में मुकदमे दर्ज हुए थे। इतना ही नहीं, फोटो साझा करने के साथ प्रियंका गांधी ने कहा, ‘जब उप्र सरकार पराली जलाने के लिए किसानों के साथ अपराधियों की तरह व्यवहार कर रही थी, उस वक्त कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि किसान का धान- कानूनी व पराली-गैरकानूनी कैसे? चुनाव आते मुकदमे वापस लेने का नाटक करने वाली सरकार को बताना चाहिए कि किसानों का अपमान किसके आदेश पर किया गया था?’