पटना

मुख्यमंत्री ने पटना साहिब के निर्माणाधीन ‘प्रकाश पुंज’ का लिया जायजा


निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के दिये निर्देश

पटना (आससे)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार पटना साहिब के गुरु के बाग में बन रहे प्रकाश पुंज का जायजा लिया। उन्होंने बहुद्देशीय प्रकाश केंद्र एवं उद्यान परियोजना का निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी ली और अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री कहा कि प्रकाश पुंज परिसर के चारो तरफ चयनित वृक्षों का रोपण कराया जाए। इसके मुख्य द्वार के सामने के तालाब के चारो तरफ पेवर ब्लॉक से रास्ते का निर्माण कराया जाए, जिससे टहलने में सहुलियत हो।

इसके अलावा तालाब के बाद रेलवे लाइन है, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तालाब के बाहर चहारदीवारी का भी निर्माण कराया जाए। प्रकाश पुंज परिसर के बाहरी क्षेत्र में भी सडक़ का निर्माण कराया जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुविधा हो। मुख्यमंत्री ने प्रकाश पुंज के बगल में बनाऐ जा रहे पर्यटकों के ठहरने के लिए प्रकाश भवन का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री के समक्ष प्रकाश पुंज पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिसमें साइड प्लानिंग और जोनिंग प्लान, एक्जिविट एंड कॉन्टेंट प्लानिंग, ओरियेंटेशन पैनल आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष २०१७ में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के ३५०वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रकाश पर्व को लेकर बिहार की प्रशंसा पूरे देश में हुई थी। यहां जो भी प्रदर्शनी की योजना बनायी गई है उसके एक हिस्से में प्रथम से लेकर १०वें गुरु तक से संबंधित जानकारी दें। दूसरे हिस्से में प्रथम गुरु गुरुनानक साहब, ९वें गुरु तेगबहादुर साहब और १०वें गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के संबंध में जानकारी दें। इन तीनों गुरुओं का बिहार से विशेष संबंध रहा है। इनसे जुड़े स्थलों को भी दर्शाया जाए। तीसरे हिस्से में वर्ष २०१७ में ३५०वें प्रकाश पर्व के आयोजन से जुड़ी बातें एवं बिहार में गुरु से जुड़े कार्यो तथा स्थलों एवं सिख श्रद्घालुओं के लिए कार्यों को भी दर्शाएं।

निर्माणाधीन प्रकाश पुंज भवन के निरीक्षण के पश्चात् पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष २०१७ में जिस तरह से गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की ३५०वीं जयंती के अवसर पर बहुत ही अच्छे ढंग से प्रकाश पर्व का आयोजन किया गया था। उसी समय यह तय हो गया था कि हमलोग इस जगह पर भवन का निर्माण करेंगे। भवन तो बन गया लेकिन इसमें जितनी मूर्तियां लगनी हैं और जिन चीजों को रखवाना है, अभी तक वह काम पूरा नहीं हुआ है। आज हमने यहां आकर इसकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया है। हम लोगों ने जो शुरू में तय किया था, इसे लेकर अधिकारियों को आज पुन: दिशा निर्देश दिया गया है। हमारा लक्ष्य है कि इस साल के अंत तक यह काम पूरा हो जाय। यह बहुत ही सुदंर होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के परामर्शी श्री अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री चंचल कुमार, पटना के प्रमंडलीय आयुक्त श्री संजय कुमार अग्रवाल, पर्यटन विभाग के सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि, जिलाधिकारी श्री चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री उपेंद्र शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।