पटना

मुजफ्फपुर: मछली मारने के विवाद में पैक्स अध्यक्ष और उसके भाई की हत्या, कई घायल 


पोखर बंदोबस्ती विवाद को पहले से चल रहा था तनाव, आरोपी मनीष सिंह गिरफ्तार 

साहेबगंज (मुजफ्फपुर)(आससे)। साहेबगंज प्रखंड के गउरा पंचायत अंतर्गत बैरिया गांव में गुरुवार को मछली मारने के विवाद पर गोलीबारी में पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी उर्फ भोला सहनी तथा उसके सहोदर भाई मुकेश साहनी की मौत हो गई जबकि एक अन्य भाई राम नरेश सहनी समेत पांच छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में रामनरेश सहनी को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर किया गया है। अन्य घायलों की फिलहाल पहचान नहीं है। बताया जाता है कि वह यत्र तत्र इलाज करा रहे हैं। आरोपित मनीष सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि स्थानीय मनीष सिंह गुरुवार को लगभग 12 बजे अपने 12 – 15 समर्थकों के साथ बैरिया गांव स्थित पोखर में मछली मारने गए थे। जहां राजेश सहनी, मुकेश सहनी आदि ने विरोध जताते हुए मछली मारने से रोका था। बताया जाता है कि इसी मामले पर विवाद ठन गई और मनीष सिंह ने समर्थकों संग मछली मारने से रोकने वाले पैक्स अध्यक्ष एवं उनके सहयोगियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

फायरिंग में राजेश सहनी, मुकेश सहनी, रामनरेश साहनी गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हें आनन फानन में सीएससी साहेबगंज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी और मुकेश सहनी को मृत घोषित कर दिया। जबकि रामनरेश साहनी को बेहतर उपचार के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।  मृतक के भतीजे का आरोप है कि मनीष सिंह ने पोखर विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। बताया जाता है कि पोखर बंदोबस्ती को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा है। इस मामले में दोनों पक्षों से काउंटर प्राथमिकी दर्ज है और मामला विचाराधीन है।

मनीष सिंह पोखर पर अपनी दावेदारी रखते हैं और आरोप था कि पैक्स अध्यक्ष अनर्गल अडंगा लगाकर रंगदारी चाहते थे। फिलहाल पैक्स अध्यक्ष एवं उनके भाई की लाश अस्पताल में ही मौजूद थी। इस कांड को लेकर हालात तनावपूर्ण है। मृतक पक्ष के लोग आक्रोशित है। फिलहाल बड़ी संख्या में पुलिस बल स्थल पर मौजूद है और किसी भी अप्रिय हादसे को नियंत्रित करने की कवायद में जुटी है।