पटना

मुजफ्फरपुर: कटरा और औराई के सैकड़ों घरों में घुसा बाढ़ का पानी 


विस्थापित परिवार पहुंचे ऊँचे स्थान पर, भोजन पानी पर आफत 

औराई (मुजफ्फरपुर)(आससे)। औराई एवं कटरा प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति यथावत। प्रखंड क्षेत्र में बहने वाली बागमती नदी एवं लखनदेई नदी में उफान के कारण सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। बाढ़ पीड़ित परिवार विस्थापित होकर ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। अब तक बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा एवं सामुदायिक किचेन की व्यवस्था अंचल प्रशासन की तरफ से अब तक नहीं की गई है। अगर प्रशासन बाढ़ पीड़ितों की मदद नहीं करती है तो स्थिति भयावह बन सकती है।

बाढ़ पीड़ित परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच सकते हैं। बाढ़ पीड़ित परिवार के साथ साथ उनके पशुओं के लिए भी सूखा चारा की व्यवस्था नहीं है जिस कारण पशुपालकों मैं बेचैनी की स्थिति है। बाढ एवं बीमारी के कारण कई दुधारू पशुओं की मौत की भी सूचना प्राप्त हुई है। पशुपालन विभाग द्वारा सरकारी सहायता प्रदान किया जाना है लेकिन अब तक औराई एवं कटरा प्रखंड में किसी भी पशुपालकों को पशु मृत्यु पर कोई सहायता राशि प्रदान नहीं की गई है। प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मचारी बाढ़ पीड़ितों का हालचाल जानने क्षेत्र में नहीं पहुंच रहे हैं जिस कारण प्रशासन के प्रति लोगों का आक्रोश व्याप्त है।

मुखिया संघ के अध्यक्ष अनमोल ठाकुर, उप प्रमुख शैलेंद्र शुक्ला ने भी प्रशासन को हिदायत दिया है कि बाढ़ पीड़ितों के बीच भोजन की व्यवस्था चालू करवाया जाए। बागमती दोनों बांध के बीच बसे हुए लोगों के बीच कोहराम मचा हुआ है। कटरा प्रखंड के एक दर्जन पंचायतों के बाढ़ पीड़ितों के समक्ष संकट से जूझ रहे हैं। सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। जितने भी ग्रामीण सड़क हैं सभी पर दो से चार फीट पानी का बहाव चल रहा है।

बकुची चौक एवं  पीपा पुल पर बाढ के कारण आवागमन ठप है। साथ ही सड़कों पर तीन से चार फीट पानी का बहाव है। कॉन्ग्रेस अध्यक्ष अबू बकर एवं कटरा के चंद्रकांत मिश्र ने जिलाधिकारी से मांग किया है कि बाढ़ पीड़ितों के बीच फूड पैकेट एवं सामुदायिक किचन यथाशीघ्र चालू करवाया जाए जिससे लोगों को कम से कम भोजन की सुविधा बाहर हो सके।