पटना

बिहार के दो शिक्षक को राष्ट्रीय पुरस्कार


(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। राज्य के दो शिक्षकों को स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टï योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिलेगा। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, 2021 के लिए देश भर से 44 शिक्षक चयनित हुए हैं, जिनमें बिहार के दो शिक्षक हैं। दोनों ही मध्य विद्यालय के हैं। इनमें एक हरिदास शर्मा कैमूर जिले के राजकीयकृत मध्य विद्यालय डहरक (रामगढ़) के प्रभारी प्रधानाध्यापक हैं। दूसरी श्रीमती चंदना दत्ता मधुबनी जिले के राजनगर के राजकीयकृत मध्य विद्यालय रांटी की शिक्षिका हैं। हालांकि, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, 2021 के लिए बिहार के छह शिक्षकों का वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्णायक मंडल के समक्ष प्रेजेंटेशन हुआ था।

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति के हाथों दिये जाते हैं। देश भर से चयनित 44 शिक्षकों में हिमाचल प्रदेश के एक, पंजाब के एक, दिल्ली के एक, राजस्थान के दो, गुजरात के दो, मध्य प्रदेश के एक, बिहार के दो, उड़ीसा के दो, पश्चिम बंगाल के एक, जम्मू-कश्मीर के एक, लद्दाख के एक, उत्तर प्रदेश के दो, सीबीएसई के दो, सैनिक स्कूल के एक, ईएमआरएस-एमओटीए के एक, केवीएस के एक, अरुणाचल प्रदेश के एक, नागालैंड के एक, मणिपुर के एक, सिक्किम के दो, मिजोरम के एक, त्रिपुरा के एक, असम के दो, झारखंड के एक, आंध्र प्रदेश के दो, तेलांगना के एक, कर्नाटक के एक, तामिलनाडु के दो, महाराष्ट्रा के दो एवं पांडिचेरी के एक शिक्षक हैं।