पटना

मुजफ्फरपुर: दीपावली से पहले औराई विधुत सब स्टेशन से बहाल हो जायेगी विधुत आपूर्ति


लोगों को लो वोल्टेज से मिलेगी निजात 

औराई (मुजफ्फरपुर)(आससे)। दीपावली से पूर्व औराई प्रखंड क्षेत्र के उतरी पंचायतों में औराई विद्युत सब स्टेशन से विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। लो वोल्टेज एवं विद्युत समस्याओं से अब सभी 17 पंचायतों को निजात मिलने का समय आ चुका है। उक्त बातें औराई भाजपा विधायक सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने कहीं।

श्री राय ने कहा कि औराई विधानसभा क्षेत्र सबसे पिछड़ा विधानसभा पूरे जिले में है। जहां सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य समस्याओं से लोग त्रस्त हैं। बावजूद नीतीश कुमार के शासनकाल में काफी विकास औराई विधानसभा क्षेत्र का हुआ है। औराई प्रखंड क्षेत्र की विद्युत समस्याएं बर्षो से हैं। राजग शासनकाल में ही मटिहानी विद्युत सब स्टेशन का कायाकल्प हुआ था। इस कारण औराई प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी नौ पंचायतों को विद्युत  सुविधा 24 घंटे मिल रही  है। औराई प्रखंड क्षेत्र के सत्रह पंचायतों को विद्युत सुविधा सैदपुर फीडर से मिल रहा था। औराई में विद्युत सब स्टेशन लगाने की बात बहुत पहले से हो रही थी,लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण बाधाएं उत्पन्न हो रही थीं।

विषम परिस्थिति के बावजूद औराई में विद्युत सब स्टेशन का शिलान्यास पिछले वर्ष हुआ था। जून तक विभाग को हैंड ओवर कर देना था, लेकिन कोरोना के कारण  निर्माण कंपनी हैंड ओवर करने में विलंब कर दी। कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि दो माह के अंदर कंस्ट्रक्शन का काम समाप्त करवाकर दीपावली से पूर्व औराई सब स्टेशन चालू कर दिया जाए। जिससे लोगों को विद्युत समस्या से निजात मिल सके। विभाग के वरीय अधिकारी ने भी आश्वासन दिया है कि दीपावली से पूर्व औराई विद्युत सब स्टेशन किसी भी परिस्थिति में चालू कर दिया जाएगा।

श्री राय ने कहा कि औराई प्रखंड क्षेत्र के सभी समस्याओं पर हमारा ध्यान है क्रमशः सभी समस्याओं को निदान करा लिया जाएगा। कार्यकर्ताओं को आग्रह किया कि आप घबराएं नहीं अभी कोरोना संकटकाल चल रहा है। निजात मिलते ही आपके समक्ष आपकी समस्याओं को सुनने के लिए उपस्थित रहूंगा। वैसे अभी भी मोबाइल सेवा 24 घंटे चालू है। प्रतिदिन लोगों के दर्जनों समस्याओं  से निजात दिलाने का काम कर रहा हूं।