पटना

मुजफ्फरपुर: साढे सात लाख नकली नोट के साथ सरगना अजय महतो समेत नौ गिरफ्तार 


सीतामढी के मेजर गंज में होती थी छपायी, नेपाल से मंगाता था कागज 

मुजफ्फरपुर। वरिष्ठ पुलिस कप्तान जयंत कांत के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में पुलिस ने नकली नोट तस्करी का पर्दाफाश किया है इस मामले में सरगना अजय महतो समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें एक महिला भी शामिल है जो कि सरगना अजय महतो की पत्नी बताई गई है। इनके पास से पुलिस ने सात लाख 50 हजार नकली नोट सौ के 75 बंडल एवं 50 हजार भारतीय करेंसी का असली नोट बरामद की गयी है।

सोमवार को नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी यह देते हुए नगर पुलिस कप्तान ने बताया कि नकली नोट की छपाई सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र में अजय महतो अपने रिश्तेदार के घर पर  सुनियोजित ढंग से करता था। वह नकली नोट बड़े लग्जरी वाहन में लेकर परिवार संग चलता था ताकि संदेह न हो। नकली नोट को उसके द्वारा छोटे-छोटे हाट व  दुकानों में खपाया जाता था।

उन्होंने बताया कि नकली नोट छपाई के लिए कागज नेपाल से मंगाया जाता था। इस मामले का तार नेपाल से जुड़ा बताते हुए नगर पुलिस कप्तान ने कहा कि शराब माफियाओं का भी नकली नोट से तार जुड़ा प्रतीत होता है। जिला पुलिस को मिली उपलब्धि के संदर्भ में उन्होंने बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि नकली नोट का खेप लेकर अजय महतो आ रहा है। इस संदर्भ में उनके नेतृत्व में सहायक पुलिस कप्तान सैयद इमरान मसूद और मोतीपुर थाना पुलिस की मदद से एनएच 28 पर बीती रात रतनपुरा गांव के निकट स्कॉर्पियो बीआर 05 पीए 9284 को रोका गया। उक्त वाहन से अजय महतो पिता रामविलास महतो एवं सुनीता देवी पति अजय महतो को चालक के साथ गिरफ्त में लिया गया।

छानबीन के पश्चात मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मुजफ्फरपुर, मोतिहारी एवं सीतामढ़ी क्षेत्र में छापेमारी कर छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। जिसमें मधुरंजन कुमार पिता अजय महतो ,चितरंजन कुमार,पिता अजय महतो, राकेश महतो पिता छोटू महतो सभी रतन शायर, पताही ,पूर्वी चंपारण राजा कुमार सिंह पिता बृज किशोर सिंह, शेख पुरवा बाजार पकडीदयाल ,पूर्वी चंपारण, मनोज कुमार पिता गजाधर महतो शेखपुरवा बाजार पकरीदयाल एवं मंजीत कुमार पिता प्रेम किशोर सिंह, रामनगर, गायघाट मुजफ्फरपुर की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि इन दिनों छोटे छोटे जगहों से नकली नोट मिलने की शिकायत मिल रही थी। इस आलोक में ही काररवाई की गयी है।