Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

मुरादाबाद: ‘भाजपा पूंजीवादियों को बचाने में लगी है, अब जुमलेबाजी काम में आने वाली नहीं, गरजीं मायावती


मुरादाबाद : बसपा सुप्रीमो मायावती सोमवार को लाइनपार मुरादाबाद में जनसभा को संबोधित करने पहुंचीं। मंच से कहा आज हम लोग लोकसभा के आम चुनाव में अपनी पार्टी के समर्थन में आप लोग यहां जुटे हैं। मैं आप सभी का आभार व्यक्त करती हूँ। मैं किसी भी पार्टी के साथ नहीं हूँ। अकेले ही चुनाव लड़ रही हूँ। सर्वसमाज के लिए यह चुनाव है।

 

पूरे उत्तर प्रदेश में जहां जिसकी आबादी ज्यादा है, वहां उस समाज के व्यक्ति को टिकट दिया है। समाजवादी पार्टी ने मुरादाबाद में मुस्लिम का टिकट काटकर हिन्दू को टिकट दिया है। टिकट देने के मामले में बसपा कोई भेदभाव नहीं करती है। मुझे पूरा भरोसा है कि हम पार्टी का बेहतर रिजल्ट लेकर आएंगे।

भाजपा के दावे हवा हवाई : मायावती

कांग्रेस, बीजेपी व अन्य दलों ने केंद्र और अन्य राज्यों में सरकार बनाई। गलत नीतियों की वजह से जनता परेशान है। पूंजीवादी आज हावी हैं। जुमलेबाजी काम मे आने वाली नहीं है। भाजपा ने सभी को अच्छे दिन दिखाए लेकिन उनके दावे हवा हवाई साबित हुए। जिसकी जमीनी हकीकत कुछ नहीं है। बीजेपी बड़े बड़े पूंजीपतियों को बचाने में लगी हैं।

अब ऐसा लगता है कि कांग्रेस की तरह से भाजपा भी काम कर रही है। चार बार हमारी सरकार रही और सभी वर्गों के लिया कार्य किया। वर्तमान सरकार ने सर्वसमाज में से गरीब, अल्पसंख्यक व दलितों का उत्थान नहीं किया है।

भाजपा और आरएसएस कर रही ज्यादती : मायावती

सरकारी नौकरियों में आरक्षण का कोटा भी नहीं भरा गया है। सरकारी सेक्टरों को प्राइवेट को सौंपा जा रहा है। मुस्लिम व अन्य धर्म के लोगों की हालत काफी ज्यादा खराब है। पिछले कुछ वर्षों से भाजपा और आरएसएस ज्यादती कर रही। गलत कृषि नीतियों की वजह से किसान सड़कों पर अपनी आवाज उठा रहा है। देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान हो रहा है। गरीबी, महंगाई लगातार बढ़ रही है। देश की सीमा भी सुरक्षित नहीं है।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, भाजपा को रोकना है। विरोधी पार्टियां शाम, दाम दंड भेद के जरिये सत्ता में आने की जुगत में लगी हैं। मीडिया, सर्वे आदि का भी गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। हवा हवाई प्रलोभन भरे घोषणा पत्र जारी किए जा रहे हैं। यह घोषणा पत्र अमल में नहीं लाती हैं।

बसपा चुनावी घोषणा पत्र जारी नहीं करती है। कहने से ज्यादा करने में विश्वास करती है बसपा हमारी पार्टी की सरकार हवा, हवाई और कागजी काम नहीं करेगी। देश में पिछले कुछ समय से जो खाद्य सामग्री बांटने का दावा कर आगे हैं उससे गरीबों का भला होने वाला नहीं है।

बीजेपी और आरएसएस के लोग गाँव गाँव जाकर लोगों को राशन के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। आपके टैक्स से ही सबकुछ दिया जा रहा है। भाजपा आपको अपने पास से कुछ नहीं दे रही है। धर्म की आड़ में पिछले कुछ वर्षों से मुस्लिम समाज का उत्पीड़न किया जा रहा है।

हमारी सरकार सर्व समाज का विकास करेगी। बेरोजगारी दूर करने के लिए बसपा विकास कराएंगी। गरीब, मजूदरों की मदद करने के लिए बसपा कार्य करेगी। कथनी, करनी में भाजपा की बहुत अंतर है। इन्हें रोकना है। कांग्रेस, भाजपा व अन्य दलों को वोट नहीं देना हैं। सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाए की सरकार बनाएं। हमारी सरकार बनने पर सबको न्याय मिलेगा। सर्वसमाज, दलित, आदिवासी, मुस्लिम की सुरक्षा के कदम उठाए जाएंगे।