News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

मुलायम सिंह के समधी ने दी शिवपाल को भाजपा में शामिल होने की सलाह,


फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव के बाद कई रंग सामने नजर आए हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जहां आजमगढ़ संसदीय सीट से इस्तीफा दे दिया। वहीं विधानसभा में वे नेता प्रतिपक्ष भी चुने गए हैं। समाजवादी पार्टी खेमे में शामिल हुए उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव का इन दिनों भारतीय जनता पार्टी के साथ रंग जमता नजर आ रहा है।

हाल के दिनों में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। वहीं दूसरी ओर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के नेताओं को उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर फालो किया। ऐसे में कयास लगना शुरू हो गए। योगी सरकार में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ये जरूर कहा कि अभी भाजपा में शिवपाल के लिए वैकेंसी नहीं है। लेकिन मुलायम सिंह के समधी और सैफई परिवार से ताल्लुक रखने वाले पूर्व विधायक हरिओम यादव का कुछ और ही कहना है। शिकोहाबाद में उन्होंने कहा है कि सैफई परिवार में दरार नजर आ रही है। शिवपाल सिंह को शामिल हो जाना चाहिए।

प्रेसवार्ता कर दिया बयान

रविवार को शिकोहाबाद में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी और पूर्व विधायक हरिओम यादव ने पूर्व मंत्री शिवपाल यादव को भाजपा में शामिल होने की सलाह दी है। प्रेसवार्ता में हरिओम यादव ने कहा कि सैफई परिवार में दरार साफ नजर आने लगी है।

जिन्होंने पार्टी खड़ी की, उन्हें दरकिनार कर दिया गया है। शिवपाल यादव बड़े नेता है। उन्हें बार-बार अपमानित किया जा रहा है। विगत दिनों उन्हें विधायक दल की बैठक में भी नहीं बुलाया गया। इसलिए अब उन्हें सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब सपा समाप्त होने के कगार पर पहुंच गई है। कुछ लोग शकुनी की भूमिका निभा रहे हैं।