Latest News उत्तर प्रदेश झारखंड रांची राष्ट्रीय

मुलायम सिंह यादव के निधन पर हेमंत सोरेन ने जताया दुख; कहा- राजनीति के एक युग का अंत…


रांची, । Mulayam Singh Yadav Passes Away उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव ने आज यानी सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस लीं। उनका निधन 10 अक्टूबर (आज) सुबह 8:16 मिनट पर हुआ। ये जानकारी उनके बेटे अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दी। जिसके बाद पूरे देश की राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौर गई। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से मुलायम सिंह यादव की हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर जताया दुख

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए लिखा- समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर से आहत हूं। आज राजनीति के एक युग का अंत हो गया। सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए हमेशा जीने वाले आदरणीय नेताजी सभी को सेवा और समर्पण की ज्योत देकर चले गए।

उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा- परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार तथा सपा कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर जताया दुख

मंत्री अर्जुन मुंडा ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर ट्वीट कर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक,उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन से गहरा दुःख हुआ। भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके परिजनों और समर्थकों के लिए मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति

रघुवर दास ने ट्वीट कर जताया दुख

मुलायम सिंह यादव के निधन पर झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास ने ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन की दुखद सूचना मिली है। उनका जाना एक युग का अंत है. ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिजनों को ये दुख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।

बाबूलाल मरांडी ने दी श्रद्धांजलि

भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर नेताजी के परिजनों व शुभचिंतकों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि। ॐ शांति।

दीपक प्रकाश ने ट्वीट कर दी विनम्र श्रद्धांजलि

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर ट्वीट कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और देश के पूर्व रक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता व समाजवादी पार्टी के संस्थापक और संरक्षक मुलायम सिंह यादव जी के निधन की दुखद खबर मिली। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।