News TOP STORIES अन्तर्राष्ट्रीय नयी दिल्ली राष्ट्रीय

मेरे प्रिय मित्र पर हमले से दुखी हूं, शिंजो आबे पर हमले के बाद पीएम मोदी की प्रतिक्रिया


नई दिल्ली, । जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी हालत गंभीर है। शिंजो आबे के लिए भारत में भी दुआएं की जा रही हैं। दरअसल, शिंजो आबे का भारत से गहरा नाता रहा है। आबे पर हमले के बाद भारत से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस हमले पर दुख जताया है।

पीएम मोदी ने आबे पर हमले को लेकर ट्वीट किया है। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारी प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।’

Deeply distressed by the attack on my dear friend Abe Shinzo. Our thoughts and prayers are with him, his family, and the people of Japan.

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह बोले- गहरा सदमा पहुंचा

वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मेरे मित्र पूर्व पीएम शिंजो आबे पर हुए दुखद हमले से गहरा सदमा पहुंचा है। मेरी प्रार्थनाएं उनके और परिवार के साथ हैं।

राहुल गांधी ने भी जताया दुख

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी शिंजो आबे पर हमले को लेकर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि यह खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं, आबे ने भारत-जापान संबंधों को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके ठीक होने की दुआ करता हूं। मेरी संवेदना परिवार के साथ है।

भाषण देते वक्त हुआ हमला

गौरतलब है कि शिंजो आबे शुक्रवार सुबह एक जनसभा कर रहे थे। तभी हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। आबे पर हमला नारा शहर में हुआ है। हमले में बुरी तरह घायल हुए आबे की हालत नाजुक है। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।