News TOP STORIES उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

मैनपुरी में डिंपल यादव के लिए वोट मांगेंगे शिवपाल, सपा ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की सूची


लखनऊ, । समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की मैनपुरी सीट पर लोकसभा उपचुनाव (Mainpuri Lok Sabha By-Election) के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। मैनपुरी में समाजवादी पार्टी की ओर से डिंपल यादव (Dimple Yadav) को कैंडिडेट बनाया गया है। मंगलवार को जारी 40 स्टार प्रचारकों की सूची में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा व प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) का भी नाम शामिल है। उनका नाम सूची में सातवें नंबर पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के बाद लिखा गया है।

समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में पार्टी मुखिया अखिलेश यादव, किरनमय नंदा, प्रो रामगोपाल यादव, आजम खां, जया बच्चन, स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ शिवपाल सिंह यादव का नाम भी शामिल किया गया है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए उनकी पुत्रवधू डिंपल यादव ने सोमवार को नामांकन कर दिया है। बेहद सादगी से हुए नामांकन के दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव सहित परिवार के तमाम सदस्य तो थे मगर शिवपाल कहीं नजर नहीं आए।

jagran

परिवार में एकजुटता के दावे पर शिवपाल के सवाल

लोकसभा उपचुनाव के लिए सैफई परिवार में एकजुटता के दावों पर शिवपाल ने सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को नामांकन से पहले सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने पत्रकारों से कहा कि शिवपाल से पूछकर ही प्रत्याशी तय किया गया है। वह भी आ ही रहे होंगे, मुझे जानकारी नहीं है। ‘जागरण’ ने जब प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव से फोन पर वार्ता की तो उन्होंने कहा कि रामगोपाल ने तो हमसे बात नहीं की। हम इतना ही कह सकते हैं कि न हमारी उनसे बात हुई है और न ही उन्होंने हमसे पूछा है।

jagran

जनता आशीर्वाद के रूप में ज्यादा से ज्यादा दें वोट

गत 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया था। मुलायम सिंह मैनपुरी संसदीय सीट से सांसद थे। सपा ने अब उपचुनाव में डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है। नामांकन के बाद डिंपल यादव ने जनता से आशीर्वाद मिलने का भरोसा जताया। अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी ने मैनपुरी के विकास का भरोसा दिलाने का काम किया। सपा उस भरोसे को टूटने नहीं देंगी। उनको सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि यहां की जनता आशीर्वाद के रूप में ज्यादा से ज्यादा वोट दे। परिवार की एकजुटता के सवाल पर कहा कि पूरा परिवार एक साथ है।