पटना

मोकामा में 6 लोगों को कार ने कुचला, 3 की मौत


पटना (आससे)। मोकामा एनएच 80 पर कार ने छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मच गयी। मामला मोकामा प्रखंड के ताजपुर गांव के नजदीक का है। मौके पर पहुंची मरांची पुलिस ने शव जब्त कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पटना के मोकामा में सडक़ किनारे सामान खरीद रहे 6 लोगों को कार ने कुचला, 3 की मौत, 3 घायलमिली जानकारी के अनुसार लखीसराय की ओर से आ रही एक लाल रंग की इको स्पोर्ट कार ने सडक़ किनारे सामान खरीद रहे कुछ लोगों को रौंद डाला। इसमें एक महिला और दो पुरुष की मौत हो गई, जबकि एक महिला, एक पुरुष और एक बच्चा बुरी तरह जख्मी है। सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। गाड़ी के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया कि उसकी आंख लग गई थी, जिससे कार अनियंत्रित हो गई थी।

मृतकों में मरांची थाना गांव बादपुर के प्रभांशु सिंह के पुत्र कन्हैया कुमार, शेरपुर गांव के उमेश शर्मा की पुत्री क्रांति देवी, और इंग्लिश गांव के मिश्री तांती का पुत्र बाल मुकुंद शामिल है। जबकी घायलों में इंग्लिश गांव के मो. सलीम के पुत्र मो. आशिक, शेरपुर गांव के भेखो तांती के पुत्र उमेश तांती, शेरपुर गांव के रवि कुमार शर्मा की पुत्री प्रीति देवी शामिल हैं।