पटना

नीतीश कुमार के प्रति लोगों में गहरा विश्वास: उपेंद्र कुशवाहा


बिहारशरीफ (नालंदा)। संवाद यात्र के दौरान जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के प्रति लोगों का गहरा विश्वास है। मुख्यमंत्री ने गरीबों के लिए एक से बढ़कर एक लाभकारी योजना चला रखी है। इसका शत-प्रतिशत लोगों तक लाभ पहुंचे इसके लिए लोगों से फीडबैक लिया जा रहा है। हमारी कोशिश है कि पार्टी को ऊंचाईयों तक पहुंचाना है। अगर चुनाव होता है तो एक बार फिर से साबित हो जायेगा कि जदयू बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है।

उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना बहुत बड़ी आवश्यकता है। करीब सौ वर्ष पूर्व आंकड़ा का इश्तेमाल केंद्र एवं राज्य सरकार कर रही है और उसी के हिसाब से योजना बना रही है। यही वजह है कि जितना लाभ मिलना चाहिए वह लाभ मिल नहीं पा रहा है। उन्होंने कहा कि 2010 में संसद में भी यह मामला उठा था कि जातीय जनगणना होनी चाहिए। जिसमें सभी लोगों ने अपनी सहमति दिखाया था। जातीय जनगणना होने के बाद सभी वर्गों का विकास होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा इसके लिए कोशिश की जा रही है। उम्मीद जताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की ओर से सकारात्मक रूख सामने आयेगा। जिसका असर पूरे देश में है और उसका लाभ पार्टी को भी मिलेगा।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री का इसके लिए सकारात्मक फैसला आयेगा, इसकी सभी को उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जदयू पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर फैलाना है, जिसके लिए व्यापक कार्य किया जा रहा है। पार्टी अन्य प्रदेशों में भी आने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। बहरहाल एनडीए में है और कोशिश होगी कि भाजपा के साथ गठबंधन में रहकर चुनाव लड़े। लेकिन गठबंधन नहीं हो पाता है तो जदयू चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा में भी व्यापक सुधार आया है।

मिड डे मिल से शिक्षकों को अलग करने का प्रस्ताव सरकार ने मान ली है और इसके लिए शिक्षक से लेकर हेडमास्टर तक की बहाली के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिक्षकों को अब मिड-डे-मिल से अलग रखा जायेगा। इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, पूर्व विधायक डॉ. चंद्रसेन प्रसाद, जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष बनारस प्रसाद, जनार्दन प्रसाद सिंह, डॉ. शशिकांत टोनी, डॉ. रणविजय सिंह, सोनू कुशवाहा, हिमांशु पटेल, जितेंद्र पटेल, फैजल इमाम, जितेंद्र नाथ, संजय मेहता, अरविंद कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।