पटना

मोतिहारी चीनी मिल के अधिकारियों पर होगा मुकदमा : प्रमोद


      • सूबे के मशहूर स्थल पर्यटन क्षेत्र के रूप में होंगे विकसित : नारायण प्रसाद
      • सहयोग कार्यक्रम में मंत्रियों ने उद्योग व पर्यटन पर लोगों की सुनीं फरियाद

(आज समाचार सेवा)

पटना। चीनी मिल के अधिकारियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा होगा। अधिकारियों और मिल मालिकों ने कर्मचारियों व लोगों को झूठा आश्वासन दिया है। यह घोषणा आज गन्ना उद्योग व विधि मंत्री प्रमोद कुमार ने भाजपा के सहयोग कार्यक्रम में की। सहयोग कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि सूबे में धार्मिक न्याय बोर्ड की सम्पत्ति का सर्वे हो रहा है। भूमि सुधार उपसमाहर्ता और जिलाधिकारी इस काम में लगे हैं।

कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से सभी न्यासों की प्रोपर्टी का स्वामित्व, मठ, मंदिर और ठाकुरबारियों के नाम पर होगा। सरकार आहर-पईन और नहर, नालों को अवैध कब्जा से मुक्त कराने में लगी है। सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त किया जायेगा।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद ने कहा कि सूबे में पर्यटन को उद्योग के रूप में विकसित किया जायेगा। पर्यटन स्थलों को आकर्षण का केन्द्र बनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि सूबे के पर्यटन स्थलों को फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। सूबे के मशहूर स्थलों को पर्यटक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जायेगा।

आज के सहयोग कार्यक्रम में मोतिहारी के विनोद कुमार, मुजफ्फरपुर के अशोक कुमार, बेगूसराय के श्रीराम चौधरी, गया की जिला पार्षद अतुल देवी, कटिहार के विक्की कुमार शाही और मुजफ्फरपुर-कांटी के सुमित राज ने दोनों मंत्रियों को अपनी-अपनी समस्याएं सुनायीं। दोनों मंत्रियों ने अधिकारियों को जन शिकायतों का जल्द-से-जल्द समाधान करवाने को कहा।